शहर से सटे दुधपुरा स्थित कबाड़ी दुकान पर समस्तीपुर पुलिस की छापेमारी, चोरी का सामान बरामद, दो हिरासत में

समस्तीपुर : मुफस्सिल थाना क्षेत्र के दुधपुरा जेल चौक स्थित एक कबाड़ी दुकान पर रविवार को पुलिस ने छापेमारी कर जनरेटर, कटर मशीन, पाइप सहित कई संदिग्ध सामान बरामद किए। कार्रवाई के दौरान पुलिस ने दो युवकों को हिरासत में लेकर उनसे पूछताछ शुरू कर दी है। पुलिस के अनुसार, दुधपुरा गांव से जनरेटर, कटर मशीन, पाइप और अन्य सामान चोरी होने की शिकायत मिली थी।
जांच के क्रम में तकनीकी और मानवीय सूचना के आधार पर पता चला कि चोरी का कुछ सामान दुधपुरा जेल चौक स्थित एक कबाड़ी दुकान में रखा गया है। सूचना मिलते ही पुलिस टीम ने मौके पर पहुंचकर छापेमारी की। छापेमारी के दौरान दुकान से कई सामान बरामद किए गए। पुलिस अब बरामद वस्तुओं का सत्यापन कर रही है ताकि यह स्पष्ट हो सके कि वे चोरी के ही हैं या नहीं। साथ ही, मामले में अन्य लोगों की संलिप्तता की भी जांच की जा रही है।


इस संबंध में मुफस्सिल थानाध्यक्ष अजीत प्रसाद सिंह ने बताया कि चोरी की शिकायत मिलने के बाद पुलिस ने तकनीकी एवं मानवीय सूचना के आधार पर छापेमारी की है। छापेमारी के दौरान कुछ सामान बरामद हुआ है तथा दो लोगों को हिरासत में लेकर पूछताछ की जा रही है। उन्होंने कहा कि जांच में सामने आने वाले तथ्यों के आधार पर आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी।





