समस्तीपुर थानेश्वर मंदिर के पास ड्यूटी पर तैनात महिला होमगार्ड जवान से दुर्व्यवहार, वर्दी को सीने के पास पकड़ा; हुआ गिरफ्तार

समस्तीपुर : सावन की तीसरी सोमवारी के मौके पर थानेश्वर स्थान मंदिर के समीप पैदल पुल के पास ड्यूटी कर रही महिला होमगार्ड जवान से दुर्व्यवहार, वर्दी पकड़ने और गोली मारने की धमकी देने को लेकर प्राथमिकी दर्ज की गई है। मामले में आरोपी युवक को गिरफ्तार कर लिया गया है। महिला होमगार्ड जवान रिया कुमारी के आवेदन पर नगर थाने में मामला दर्ज किया गया है।
दर्ज प्राथमिकी के अनुसार, मोहिउद्दीनगर थाना क्षेत्र की रहने वाली रिया कुमारी (21 वर्ष) यातायात थाना से जारी कमान पत्र के आधार पर सोमवार को थानेश्वर स्थान मंदिर के पास पैदल पुल के समीप ड्यूटी कर रही थीं। उनके साथ होमगार्ड जवान चांदनी कुमारी भी तैनात थीं।


बताया गया है कि करीब 11 बजे एक बाइक सवार प्रतिबंधित क्षेत्र में मोटरसाइकिल ले जाने का प्रयास कर रहा था। महिला जवानों ने उसे रोककर आगे जाने से मना किया। आरोप है कि इस पर बाइक सवार ने गाली-गलौज शुरू कर दी और अपनी पहचान का रौब दिखाने लगा। जवान के आवेदन में आरोप लगाया गया है कि दोबारा रोकने पर बाइक सवार ने गाली देते हुए उनकी वर्दी को सीने के पास से पकड़ लिया और अभद्र व्यवहार करते हुए लज्जा भंग करने का प्रयास किया। साथ ही गोली मारने की धमकी देने का भी आरोप लगाया गया है।

घटना की जानकारी मिलने पर मौके पर तैनात अन्य पुलिसकर्मी पहुंचे और आरोपित को पकड़कर थाना ले गए। उसकी पहचान घटहो थाना क्षेत्र के मानिकपुर निवासी रमण ठाकुर के पुत्र निरंजन कुमार (30 वर्ष) के रूप में हुई है। महिला जवान ने आरोपित पर ड्यूटी में बाधा डालने, गाली-गलौज, दुर्व्यवहार, महिला की गरिमा भंग करने और धमकी देने का आरोप लगाते हुए कार्रवाई की मांग की है। इस संबंध में थानाध्यक्ष अजीत कुमार ने बताया प्राथमिकी दर्ज कर आरोपी को न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया है।



