समस्तीपुर Town

नजर हर खबर पर…

SamastipurNEWS

सुमन हत्याकांड के विरोध में आइसा-आरवाईए का कैंडल मार्च; अपराधियों की गिरफ्तारी, फास्ट ट्रैक सुनवाई, 50 लाख मुआवजा व सरकारी नौकरी की मांग

IMG 20260212 WA0118

समस्तीपुर : वैनी थाना क्षेत्र के कैजिया गांव की 12वीं की छात्रा सुमन कुमारी की स्कूल जाते समय दिनदहाड़े गोली मारकर हत्या किए जाने के विरोध में मंगलवार की शाम आइसा एवं आरवाईए के संयुक्त बैनर तले कैंडल मार्च निकाला गया। वैनी पूसा रोड बाजार से स्टेशन होते हुए खुदीराम बोस प्रतिमा तक निकाले गए मार्च में बड़ी संख्या में छात्र-युवा और स्थानीय लोग शामिल हुए। इसके बाद आयोजित सभा में वक्ताओं ने घटना की कड़ी निंदा करते हुए दोषियों की शीघ्र गिरफ्तारी और कड़ी सजा की मांग की।

सभा की अध्यक्षता आरवाईए प्रखंड सचिव डॉ. मुकेश कुमार ने की, जबकि संचालन गणेश यादव ने किया। मार्च के दौरान प्रतिभागियों ने हाथों में मोमबत्तियां लेकर दिवंगत छात्रा को श्रद्धांजलि अर्पित की और “सुमन को न्याय दो”, “बेटियों की सुरक्षा सुनिश्चित करो” तथा “अपराधियों को गिरफ्तार करो” जैसे नारे लगाए।

HOLY MISSION High School 20x10 1

paid hero ad 20250215 123933 1 scaled

सभा को संबोधित करते हुए आरवाईए के जिला सचिव रौशन कुमार ने कहा कि राज्य में अपराध की घटनाएं लगातार बढ़ रही हैं और छात्राओं व महिलाओं की सुरक्षा गंभीर चिंता का विषय बन गई है। उन्होंने कहा कि यदि सुमन हत्याकांड के दोषियों की जल्द गिरफ्तारी कर न्याय नहीं दिलाया गया तो संगठन जिलेभर में व्यापक लोकतांत्रिक आंदोलन चलाएगा।

IMG 20240904 WA0139

भाकपा (माले) पूसा प्रखंड सचिव अमित कुमार ने कहा कि यह घटना केवल एक छात्रा की हत्या नहीं, बल्कि बेटियों की सुरक्षा और शिक्षा के अधिकार पर हमला है। उन्होंने अपराधियों की तत्काल गिरफ्तारी कर फास्ट ट्रैक कोर्ट के माध्यम से मामले की सुनवाई और कठोर सजा सुनिश्चित करने की मांग की।

आरवाईए प्रखंड सचिव डॉ. मुकेश कुमार ने पीड़ित परिवार को 50 लाख रुपये मुआवजा, परिवार के एक सदस्य को सरकारी नौकरी, सुरक्षा उपलब्ध कराने तथा विद्यालयों एवं महाविद्यालयों के मार्गों पर नियमित पुलिस गश्ती की व्यवस्था करने की मांग की। कैंडल मार्च में भाकपा (माले) प्रखंड कमेटी सदस्य जितेंद्र राय, मो. आले, मो. आसेद, गणेश यादव, राजीव कुमार, मनदीप कुमार, अभिषेक कुमार, रंजन कुमार, राकेश कुमार, राजकुमार, नयन कुमार सहित बड़ी संख्या में छात्र-युवा, सामाजिक कार्यकर्ता एवं स्थानीय नागरिक मौजूद थे।

FB ADD scaled

IMG 20250821 WA0010

IMG 20260516 WA0116

20201015 075150