समस्तीपुर थानेश्वर पुल पर ‘वन-वे’ ट्रैफिक व्यवस्था लागू हुई, ओवरब्रिज मरम्मत तक जारी रहेगा प्लान

समस्तीपुर : शहर के लाइफलाइन माने जाने वाले ओवरब्रिज पर मरम्मत कार्य शुरू होने के बाद समस्तीपुर वासियों को जाम से बड़ी राहत मिली है। प्रशासन ने ओवरब्रिज बंद होने के कारण थानेश्वर पुल पर अचानक बढ़े वाहनों के दबाव और महाजाम की स्थिति से निपटने के लिए नया ट्रैफिक मास्टर प्लान लागू कर दिया है। गुरुवार से थानेश्वर पुल पर ‘वन-वे’ (एकतरफा) यातायात व्यवस्था प्रभावी कर दी गई, जिसका पहले ही दिन बेहद सकारात्मक असर देखने को मिला। पूरे दिन पुल पर गाड़ियां रेंगने के बजाय सरपट दौड़ती नजर आईं।
माधुरी चौक – मालगोदाम ROB का हाल… pic.twitter.com/oOEO4Enkcu
— Samastipur Town (@samastipurtown) July 9, 2026
अब घोष लेन की तरफ से ही मिलेगी एंट्री
नए ट्रैफिक प्लान के मुताबिक, अब थानेश्वर स्थान (मंदिर) की ओर से साइकिल और बाइक लेकर पुल पर प्रवेश करने पर पूरी तरह रोक लगा दी गई है। सभी दोपहिया वाहनों और साइकिलों को केवल घोष लेन की ओर से ही पुल पर आने की इजाजत होगी। हालांकि, पैदल चलने वाले राहगीरों को इस नियम से छूट दी गई है; वे पहले की तरह दोनों तरफ से आ-जा सकेंगे। प्रशासन का मानना है कि इस व्यवस्था से आमने-सामने से आने वाले वाहनों का टकराव रुकेगा और यातायात सुचारु रहेगा।

नियम तोड़ने वालों पर कड़ाई
इस नई व्यवस्था को कड़ाई से जमीन पर उतारने के लिए थानेश्वर पुल के दोनों छोरों पर भारी संख्या में पुलिस बल की तैनाती की गई है। गुरुवार को थानेश्वर मंदिर की तरफ तैनात जवान बैरिकेडिंग के पास मुस्तैद दिखे। वे दोपहिया वाहनों को रोककर उन्हें मालगोदाम चौक और माधुरी चौक पर बने वैकल्पिक पुलों का उपयोग करने की हिदायत देकर आगे बढ़ाते रहे। इस दौरान कई बाइक सवार पुलिस जवानों से पुल पार करने की गुहार लगाते दिखे, क्योंकि वैकल्पिक रास्ते से जाने पर उन्हें करीब डेढ़ किलोमीटर की अतिरिक्त दूरी तय करनी पड़ रही थी। लेकिन पुलिस ने नियमों का पालन कराने में कोई ढील नहीं दी।

मरम्मत होने तक लागू रहेगा प्लान
अनुमंडल पदाधिकारी (एसडीओ) दिलीप कुमार ने बताया कि ओवरब्रिज पर चल रहे अनिवार्य मरम्मत कार्य के दौरान शहर के लोगों को कम से कम असुविधा हो, इसके लिए यह वन-वे व्यवस्था लागू की गई है। उन्होंने स्पष्ट किया कि यदि यह प्रयोग पूरी तरह सफल रहता है, तो ओवरब्रिज का काम पूरा होने तक थानेश्वर पुल पर यही व्यवस्था लागू रहेगी। इसके साथ ही उन्होंने जानकारी दी कि मालगोदाम पुल पर पहले की तरह दोनों तरफ से आवागमन जारी रहेगा। एसडीओ ने आम जनता से अपील की है कि वे शहर को जाम से मुक्त रखने में प्रशासन का सहयोग करें और नए ट्रैफिक नियमों का पालन करें।



