समस्तीपुर : चार्जर लगाने जा रही 22 वर्षीय नवविवाहित महिला की करंट के चपेट में आकर मौ’त
समस्तीपुर/वारिसनगर : समस्तीपुर जिले के वारिसनगर थाना क्षेत्र के छत्नेश्वर पंचायत के वार्ड 1 में मंगलवार को करंट लगने से एक नवविवाहिता की मौत हो गई। मृतका की पहचान चंदन राम की 22 वर्षीय पत्नी काजल कुमारी के रूप में हुई है। परिजनों के अनुसार काजल कुमारी अपने घर में मोबाइल का चार्जर बिजली के बोर्ड में लगाने गई थीं। इसी दौरान वह अचानक करंट की चपेट में आ गईं। परिजनों ने तत्काल उन्हें बचाने का प्रयास किया और उपचार के लिए ले जाने की तैयारी की, लेकिन तब तक उनकी मौत हो चुकी थी।
हादसे के बाद परिवार में कोहराम मच गया और परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। बताया जाता है कि चंदन राम और काजल कुमारी का विवाह करीब एक वर्ष पूर्व रोसड़ा थाना क्षेत्र के पंचनामा गांव में हुआ था। शादी के महज एक वर्ष बाद हुए इस दर्दनाक हादसे ने दोनों परिवारों को गहरे सदमे में डाल दिया।
घटना की सूचना मिलते ही मृतका के मायके से माता-पिता, चाचा सहित अन्य परिजन छत्नेश्वर गांव पहुंच गए। परिजनों के चीत्कार से पूरे गांव का माहौल गमगीन हो गया। सूचना पर वारिसनगर थानाध्यक्ष सर्वेश कुमार झा, दारोगा आलोक कुमार एवं पुलिस बल मौके पर पहुंचा। पुलिस ने घटनास्थल पर पहुंचकर शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेजते हुए आगे की कानूनी प्रक्रिया शुरू कर दी।

