सरौली क्रिकेट क्लब बना चैंपियन, फाइनल में वाईके क्लब को 50 रन से हराया; मुख्य अतिथि भूगल यादव ने विजेता टीम को 15,001 रुपये नगद पुरस्कार राशि प्रदान किया
समस्तीपुर/विभूतिपुर : विभूतिपुर प्रखंड की कल्याणपुर उत्तरी पंचायत स्थित सिद्धिविनायक इंटरनेशनल स्कूल परिसर में छोटू यादव के तत्वावधान में आयोजित क्रिकेट टूर्नामेंट का फाइनल मुकाबला रविवार को उत्साह और रोमांच के बीच संपन्न हुआ। फाइनल मैच में मुख्य अतिथि के रूप में समाजसेवी भूगल यादव उपस्थित रहे। उन्होंने खिलाड़ियों का उत्साहवर्धन करते हुए खेल भावना के साथ बेहतर प्रदर्शन की शुभकामनाएं दीं और पूरे मैच का आनंद लिया।
फाइनल मुकाबला समस्तीपुर सरौली क्रिकेट क्लब और वाईके क्रिकेट क्लब विभूतिपुर के बीच खेला गया। टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी करते हुए सरौली क्रिकेट क्लब ने निर्धारित 12 ओवरों में विस्फोटक प्रदर्शन करते हुए 190 रन का विशाल स्कोर खड़ा किया। लक्ष्य का पीछा करने उतरी वाईके क्रिकेट क्लब की टीम सरौली के गेंदबाजों के सामने टिक नहीं सकी और 140 रन पर सिमट गई।
इस शानदार जीत के साथ समस्तीपुर सरौली क्रिकेट क्लब ने टूर्नामेंट का खिताब अपने नाम कर लिया। मैच के बाद आयोजित पुरस्कार वितरण समारोह में मुख्य अतिथि भूगल यादव ने विजेता टीम को 15,001 रुपये की नगद पुरस्कार राशि प्रदान कर सम्मानित किया। वहीं उपविजेता टीम को 5,000 रुपये देकर उनके उत्कृष्ट प्रदर्शन की सराहना की गई।
फाइनल मुकाबले को देखने के लिए बड़ी संख्या में खेल प्रेमी और स्थानीय ग्रामीण मौजूद रहे। पूरे मैच के दौरान दर्शकों में खासा उत्साह देखने को मिला। आयोजक छोटू यादव ने सभी खिलाड़ियों, अतिथियों और दर्शकों का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि ग्रामीण क्षेत्रों में खेल प्रतिभाओं को आगे बढ़ाने के लिए ऐसे आयोजनों का सिलसिला आगे भी जारी रहेगा।

