मुहर्रम जुलूस के दौरान नागरबस्ती में पत्थरबाजी से कुछ देर तनाव, रामनगर में पुलिस टीम पर भी लाठी-डंडों से हमला

समस्तीपुर : समस्तीपुर जिले के मथुरापुर थाना क्षेत्र के नागरबस्ती स्थित बूढ़ी गंडक नदी के किनारे शुक्रवार को 22 अखाड़ों के ताजियों का मिलान संपन्न कराया गया। इस दौरान विभिन्न अखाड़ों ने पारंपरिक करतब प्रस्तुत किए। ताजिया मिलान के दौरान अचानक कुछ लोगों द्वारा कथित रूप से एक घर पर पत्थरबाजी किए जाने के बाद घर की ओर से भी ईंट-पत्थर फेंके जाने की घटना हुई। इससे कुछ देर के लिए अफरा-तफरी और तनाव की स्थिति उत्पन्न हो गई। हालांकि मौके पर मौजूद प्रशासनिक अधिकारियों, पुलिस बल तथा विभिन्न अखाड़ों के जिम्मेदार लोगों की तत्परता और सूझबूझ से स्थिति पर शीघ्र नियंत्रण पा लिया गया। इसके बाद ताजिया मिलान का कार्यक्रम पूर्व निर्धारित व्यवस्था के अनुसार शांतिपूर्वक संपन्न हुआ।
इस बीच बगल में ही रामनगर सारी मुहल्ले में पुलिस टीम पर मुहर्रम में शामिल लोगों ने हमला कर दिया। लाठी-डंडों से हुए हमले में तीन पुलिसकर्मी गंभीर रूप से जख्मी हो गये, जिनका ईलाज सदर अस्पताल समस्तीपुर में जारी है। इस ताजिया मिलान में सुखपुर, मथुरापुर, अकबरपुर पितौजिया, रामनगर, मखदूमनगर, सारी, बेगमपुर, हांसागंज, भगलिया महाराजगंज, डैनीमन, नागरबस्ती किला, नागरबस्ती बच्चा अखाड़ा, नूरगंज, बहादुरगंज सहित कुल 22 अखाड़ों ने भाग लिया।

इधर सीओ धर्मेंद्र पंडित ने बताया कि शांति भंग करने की कोशिश करने वाले लोगों की पहचान की जा रही है। उपलब्ध वीडियो फुटेज और अन्य साक्ष्यों के आधार पर उपद्रवियों को चिह्नित कर उनके विरुद्ध विधिसम्मत कार्रवाई की जाएगी। किसी भी व्यक्ति को बेवजह शांतिपूर्ण माहौल बिगाड़ने की अनुमति नहीं है। प्रशासन पूरे मामले की जांच कर रहा है। उन्होंने लोगों से अफवाहों पर ध्यान नहीं देने तथा आपसी सौहार्द बनाए रखने की अपील करते हुए कहा कि क्षेत्र में स्थिति पूरी तरह नियंत्रण में है और पुलिस की निगरानी जारी है।
यहां देखें वीडियों :




