बिहार के मुख्यमंत्री बनने के बाद कल 24 जून को सम्राट चौधरी का पहला समस्तीपुर दौरा, प्राण प्रतिष्ठा महायज्ञ में होंगे शामिल

समस्तीपुर : बिहार के मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी कल 24 जून को समस्तीपुर जिले के खानपुर प्रखंड अंतर्गत कानू बिशनपुर गांव पहुंचेंगे। मुख्यमंत्री बनने के बाद समस्तीपुर जिले का यह उनका पहला आधिकारिक दौरा होगा। उनके आगमन को लेकर जिले में उत्साह का माहौल है और प्रशासनिक तैयारियां अंतिम चरण में हैं। मुख्यमंत्री कानू बिशनपुर में आयोजित प्राण प्रतिष्ठा महायज्ञ में मुख्य अतिथि के रूप में शामिल होंगे। इस दौरान वे पूजा-अर्चना कर क्षेत्रवासियों को संबोधित भी कर सकते हैं। कार्यक्रम को लेकर स्थानीय जनप्रतिनिधियों, कार्यकर्ताओं एवं ग्रामीणों द्वारा व्यापक तैयारियां की जा रही हैं।
मुख्यमंत्री के आगमन को देखते हुए जिला प्रशासन पूरी तरह अलर्ट मोड में है। सुरक्षा व्यवस्था एवं अन्य तैयारियों का जायजा लेने के लिए प्रशासनिक अधिकारियों ने इलमासनगर में बनाए जा रहे हेलीपैड का निरीक्षण किया। अधिकारियों ने निर्माण कार्य को समय पर पूरा करने तथा सुरक्षा के सभी मानकों का पालन सुनिश्चित करने का निर्देश दिया।

कार्यक्रम स्थल पर बैरिकेडिंग, पार्किंग, पेयजल, चिकित्सा सुविधा तथा सुरक्षा व्यवस्था को लेकर भी विशेष तैयारी की जा रही है। पुलिस एवं प्रशासन के वरिष्ठ अधिकारी लगातार तैयारियों की निगरानी कर रहे हैं, ताकि मुख्यमंत्री के आगमन और कार्यक्रम के दौरान किसी प्रकार की असुविधा न हो। मुख्यमंत्री के इस दौरे को लेकर कानू बिशनपुर सहित आसपास के क्षेत्रों में उत्साह का माहौल है और बड़ी संख्या में लोगों के कार्यक्रम में शामिल होने की संभावना है।




