समस्तीपुर में साइबर ठगी के पीड़ित की होल्ड की गई रकम खाते से गायब, 1.82 लाख की हुई थी ठगी
समस्तीपुर : साइबर ठगी के शिकार हुए एक व्यक्ति को उस समय बड़ा झटका लगा, जब शिकायत के बाद होल्ड कराई गई राशि भी दो महीने बाद खाते से निकल गई। मामले को लेकर पीड़ित ने एक बार फिर पुलिस की शरण ली है। पुलिस ने प्राथमिकी दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।जानकारी के अनुसार मुफस्सिल थाना क्षेत्र के आजाद नगर निवासी राम प्रकाश राय के बैंक खाते से मार्च महीने में साइबर अपराधियों ने करीब 1.82 लाख रुपये की अवैध निकासी कर ली थी। घटना की जानकारी मिलते ही उन्होंने राष्ट्रीय साइबर हेल्पलाइन पर शिकायत दर्ज कराई थी।
शिकायत के बाद संबंधित राशि को होल्ड कर दिया गया था, जिससे उन्हें उम्मीद थी कि उनकी रकम सुरक्षित है। लेकिन 18 मई को उन्हें पता चला कि होल्ड की गई राशि भी खाते से निकल चुकी है। इस संबंध में पूछताछ करने पर उन्हें बताया गया कि किसी प्रकार के फाइनेंशियल क्लियरेंस के कारण रकम का ट्रांजेक्शन हो गया। इसके बाद परेशान पीड़ित दोबारा पुलिस के पास पहुंचा और पूरे मामले की शिकायत दर्ज कराई। मामले की गंभीरता को देखते हुए मुफस्सिल थाना पुलिस ने केस दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। इस संबंध में मुफस्सिल थानाध्यक्ष अजित प्रसाद सिंह ने बताया कि प्राथमिकी दर्ज कर अनुसंधान किया जा रहा है। पीड़ित से बैंक का स्टेटमेंट मांगा गया है।

