समस्तीपुर DM के सरकारी आवास पर जनगणना का कार्य संपन्न, प्रगणक प्रियंका कुमारी के द्वारा HLO ऐप के माध्यम से किया गया जनगणना
समस्तीपुर : जिले में जनगणना कार्य को लेकर प्रशासन पूरी तरह सक्रिय नजर आ रहा है। इसी क्रम में प्रधान जनगणना अधिकारी-सह-डीएम रोशन कुशवाहा के सरकारी आवास पर जनगणना का कार्य संपन्न किया गया। यह कार्य प्रगणक प्रियंका कुमारी द्वारा HLO ऐप के माध्यम से किया गया। जनगणना प्रक्रिया के दौरान कई वरीय अधिकारी मौके पर मौजूद रहे और कार्य का निरीक्षण किया। इस दौरान उप विकास आयुक्त (डीडीसी) सूर्य प्रताप सिंह, अपर जिला जनगणना अधिकारी-सह-जिला सांख्यिकी पदाधिकारी अशोक कुमार, चार्ज अधिकारी-सह-नगर आयुक्त (समस्तीपुर नगर निगम) ज्ञान प्रकाश, अपर चार्ज जनगणना अधिकारी पवन कुमार सिंह सहित अन्य अधिकारी एवं कर्मी उपस्थित रहे।
अधिकारियों ने जनगणना कार्य की प्रक्रिया को बारीकी से देखा और डिजिटल माध्यम से किए जा रहे कार्य की सराहना की। इस दौरान यह भी सुनिश्चित किया गया कि सभी आंकड़े सही और समय पर दर्ज किए जाएं, ताकि आगामी चरणों में किसी प्रकार की त्रुटि न हो। जिला प्रशासन ने बताया कि जनगणना कार्य को पूरी पारदर्शिता और सटीकता के साथ संपन्न कराने के लिए लगातार निगरानी रखी जा रही है। सभी प्रगणकों को निर्धारित दिशा-निर्देशों के अनुसार कार्य करने का निर्देश दिया गया है।

