समस्तीपुर में प्रारूप मतदाता सूची प्रकाशित, जिले में 30.09 लाख मतदाता; 11 दिसंबर तक नाम जोड़ने, हटाने और संशोधन का मिलेगा मौका

समस्तीपुर : जिले में विशेष संक्षिप्त पुनरीक्षण कार्यक्रम-2027 के तहत गुरुवार को निर्वाचक सूची का प्रारूप प्रकाशित कर दिया गया। इसको लेकर जिला निर्वाचन पदाधिकारी-सह-डीएम की अध्यक्षता में सभी मान्यता प्राप्त राजनीतिक दलों के प्रतिनिधियों के साथ बैठक आयोजित की गई। बैठक में डीएम ने बताया कि जिले के सभी दस विधानसभा निर्वाचन क्षेत्रों के मतदान केंद्रों एवं निर्धारित स्थलों पर प्रारूप मतदाता सूची उपलब्ध करा दी गई है। प्रारूप मतदाता सूची के अनुसार, जिले में कुल मतदाताओं की संख्या 30 लाख 9 हजार 558 है।
इनमें 16 लाख 1 हजार 223 पुरुष, 14 लाख 8 हजार 303 महिला और 32 अन्य मतदाता शामिल हैं। प्रारूप सूची के प्रकाशन के बाद जिले का लिंगानुपात बढ़कर 880 हो गया है, जबकि गहन पुनरीक्षण के बाद यह 875 था। जिले में 18 वर्ष या इससे अधिक आयु के 13,576 मतदाता, 17,111 वरिष्ठ नागरिक, 34,072 दिव्यांग मतदाता तथा 3,863 सर्विस वोटर हैं।

डीएम ने बताया कि 30 सितंबर 2025 को प्रकाशित अंतिम मतदाता सूची और इसके बाद 22 अक्टूबर 2026 तक हुए सतत अद्यतीकरण के दौरान जोड़े गए, हटाए गए और संशोधित मतदाताओं को प्रारूप सूची में शामिल किया गया है। प्रारूप प्रकाशन के बाद 12 नवंबर से 11 दिसंबर 2026 तक मतदाता सूची में नाम जोड़ने, हटाने और संशोधन के लिए दावा-आपत्ति दर्ज कराई जा सकती है। इसके लिए ऑनलाइन और ऑफलाइन दोनों माध्यमों से प्रपत्र-6, 7 और 8 जमा किए जा सकेंगे।
दो चरणों में चलेगा विशेष अभियान :
विशेष संक्षिप्त पुनरीक्षण कार्यक्रम के तहत जिले में दो चरणों में विशेष अभियान दिवस आयोजित किए जाएंगे। पहला अभियान 21 और 22 नवंबर को तथा दूसरा अभियान 5 और 6 दिसंबर को निर्धारित किया गया है। इन दिनों मतदान केंद्रों पर विशेष शिविर लगाए जाएंगे। डीएम ने राजनीतिक दलों के प्रतिनिधियों से अपील की कि वे अपने बूथ लेवल एजेंट (बीएलए) के माध्यम से शिविरों का भ्रमण कराएं और संबंधित बीएलओ को सहयोग दें, ताकि अधिक से अधिक पात्र मतदाताओं का नाम सूची में शामिल किया जा सके।

उन्होंने सभी राजनीतिक दलों से पुनरीक्षण कार्य में सक्रिय सहयोग करने की अपील करते हुए कहा कि उपलब्ध कराई गई मतदाता सूची अपने-अपने बीएलए को समय पर उपलब्ध कराएं और उन्हें संबंधित मतदान केंद्रों के बीएलओ के साथ समन्वय बनाकर काम करने का निर्देश दें। भारत निर्वाचन आयोग के निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार मतदाता सूची का अंतिम प्रकाशन 4 जनवरी 2027 को किया जाएगा। बैठक में भाजपा के सूर्य शेखर मंडल, राजद के सत्यविंद पासवान, जदयू के अनरा रिजवान, कांग्रेस के उपेंद्र नाथ तिवारी, लोजपा (रा) के जिलाध्यक्ष अनुपम सिंह, राष्ट्रीय लोक समता पार्टी के अनंत कुशवाहा, बसपा के विजय यादव तथा भाकपा (माले) के ललन कुमार सहित अन्य उपस्थित रहे।



