बूढ़ी गंडक के बाएं तटबंध पर 11 किमी सड़क चौड़ीकरण कार्य शुरू, विधायक ने किया तटबंध मजबूतीकरण व सड़क निर्माण योजना का शिलान्यास

समस्तीपुर [यशवंत बादशाह] : समस्तीपुर जिले के हरिहरपुर खेड़ी से त्रिमुहानी तक बूढ़ी गंडक नदी के बाएं तटबंध पर सड़क निर्माण कार्य का शुक्रवार को विधिवत शिलान्यास किया गया। स्थानीय विधायक ने नारियल फोड़कर एवं फीता काटकर निर्माण कार्य की शुरुआत कराई। इस दौरान बड़ी संख्या में जनप्रतिनिधि, ग्रामीण एवं विभागीय अधिकारी मौजूद रहे। बताया गया कि जल संसाधन विभाग द्वारा लगभग 11 किलोमीटर लंबाई में तटबंध के मजबूतीकरण के साथ-साथ बिटुमिनस सड़क का चौड़ीकरण किया जाएगा। इस योजना के पूरा होने से तटबंध की सुरक्षा मजबूत होगी तथा क्षेत्र के लोगों को बेहतर आवागमन सुविधा मिल सकेगी।
वर्षों से जर्जर सड़क एवं कमजोर तटबंध की समस्या से जूझ रहे लोगों को इससे राहत मिलने की उम्मीद है। शिलान्यास कार्यक्रम को संबोधित करते हुए विधायक ने कहा कि यह सड़क क्षेत्र के विकास के लिए महत्वपूर्ण परियोजना है। सड़क निर्माण एवं तटबंध सुदृढ़ीकरण से बाढ़ के दौरान लोगों को काफी सहूलियत मिलेगी। साथ ही ग्रामीण क्षेत्रों का संपर्क भी बेहतर होगा। उन्होंने कहा कि सरकार क्षेत्र में आधारभूत संरचना को मजबूत करने के लिए लगातार काम कर रही है।

वहीं जल संसाधन विभाग के अधिकारियों ने बताया कि निर्माण कार्य को निर्धारित समय सीमा के अंदर पूरा करने का लक्ष्य रखा गया है। तटबंध को तकनीकी मानकों के अनुरूप मजबूत बनाया जाएगा ताकि बरसात एवं बाढ़ के समय कटाव की समस्या से बचाव हो सके। शिलान्यास के बाद स्थानीय लोगों में खुशी का माहौल देखा गया। ग्रामीणों ने कहा कि सड़क के चौड़ीकरण एवं तटबंध के सुदृढ़ीकरण से आवागमन आसान होगा तथा आसपास के गांवों को सीधा लाभ मिलेगा।





