होली मिशन हाई स्कूल के छात्रों का शानदार प्रदर्शन, 12 विद्यार्थियों ने हासिल किए 90% से अधिक अंक
समस्तीपुर : शहर के मोहनपुर स्थित होली मिशन हाई स्कूल के 12वीं कक्षा के विद्यार्थियों ने इस वर्ष बोर्ड परीक्षा में शानदार प्रदर्शन कर विद्यालय का नाम रोशन किया है। विद्यालय का परीक्षा परिणाम लगातार पिछले वर्ष की तरह इस वर्ष भी शत-प्रतिशत रहा। इस बार कुल 12 विद्यार्थियों ने 90 प्रतिशत से अधिक अंक प्राप्त कर उल्लेखनीय सफलता हासिल की।
विद्यालय की टॉपर जेसिका सिंह रहीं, जिन्होंने 96 प्रतिशत अंक प्राप्त कर प्रथम स्थान हासिल किया। वहीं अनुप्रिया भारती ने 95 प्रतिशत अंक प्राप्त कर दूसरा स्थान तथा आदित्य राज राणा ने 94.2 प्रतिशत अंक के साथ तीसरा स्थान प्राप्त किया। अन्य मेधावी विद्यार्थियों में हंसी कुमारी एवं प्राची आनंद ने 93 प्रतिशत, अदिति कुमारी ने 92 प्रतिशत, पल्लवी राय ने 91.4 प्रतिशत तथा सैयद मो अयन ने 91 प्रतिशत अंक प्राप्त कर विद्यालय का गौरव बढ़ाया।
विषयवार प्रदर्शन में भी विद्यार्थियों ने उत्कृष्ट उपलब्धि हासिल की। अंग्रेजी में प्राची आनंद ने 96 प्रतिशत, अकाउंट्स में आदित्य राज राणा ने 99 प्रतिशत, बिजनेस स्टडीज एवं इकोनॉमिक्स में आदित्य राज राणा ने 94 प्रतिशत अंक प्राप्त किए। हिस्ट्री में अनुप्रिया भारती ने 99 प्रतिशत, पोलिटिकल साइंस में जेसिका सिंह ने 95 प्रतिशत तथा ज्योग्राफी में जेसिका सिंह एवं अनुप्रिया भारती ने 100 प्रतिशत अंक प्राप्त किए।

इसके अलावा गणित में आदित्य राज राणा ने 94 प्रतिशत, बायोलॉजी में अभिषेक कुमार ने 97 प्रतिशत, फिजिक्स में अदिति कुमारी ने 87 प्रतिशत तथा केमिस्ट्री में अदिति कुमारी, पल्लवी राय एवं आर्यन कर्ण ने 95 प्रतिशत अंक प्राप्त किए। पेंटिंग विषय में 21 छात्रों ने शत-प्रतिशत अंक प्राप्त कर विद्यालय का मान बढ़ाया।
विद्यालय प्रबंधन डॉ. धर्मांश रंजन एवं प्राचार्य अमृत रंजन ने सभी सफल विद्यार्थियों को बधाई देते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की। उन्होंने कहा कि यह सफलता छात्रों की मेहनत, अभिभावकों के सहयोग एवं शिक्षकों के समर्पित मार्गदर्शन का परिणाम है। विद्यालय परिवार ने इस उपलब्धि पर हर्ष व्यक्त करते हुए भविष्य में भी इसी तरह उत्कृष्ट परिणाम की उम्मीद जताई।

