विभूतिपुर में हुए गोलीकांड मामले में तीन नामजद व एक अज्ञात पर FIR दर्ज, छानबीन में जुटी पुलिस
समस्तीपुर/विभूतिपुर : विभूतिपुर थाना क्षेत्र के कर्रख बांध स्थित हनुमान मंदिर के समीप युवक को गोली मारकर घायल करने के मामले में पुलिस ने घायल युवक के फर्द बयान पर प्राथमिकी दर्ज कर ली है। मामले में तीन नामजद सहित एक अज्ञात आरोपी को अभियुक्त बनाया गया है। दर्ज प्राथमिकी में घायल युवक साखमोहन निवासी राहुल कुमार उर्फ पनिया ने पुलिस को दिए फर्द बयान में बताया कि रविवार की रात करीब आठ बजे वह अपने मित्र सोनू कुमार के साथ देसरी ढाबा से खाना खाकर बाइक से घर लौट रहा था।
इस दौरान उसे गोली मार दी गयी। गोली लगते ही वह सड़क पर गिर पड़ा और इलाके में अफरा-तफरी मच गई। फर्द बयान में घायल युवक ने पतेलिया निवासी गौरव कुमार उर्फ बुटन, बरौनी निवासी भुसनी, विभूतिपुर के गंगौली निवासी सुरेश महतो के पुत्र रौशन कुमार सहित एक अज्ञात युवक को आरोपी बनाया है। राहुल ने बताया कि शराब पकड़े जाने के मामले में आरोपियों को उस पर पुलिस को सूचना देने का शक था।

