समस्तीपुर मंडल कारा से 5 कुख्यात बंदी मुजफ्फरपुर और भागलपुर शिफ्ट, रंगदारी कनेक्शन पर सख्ती
समस्तीपुर : जेल के अंदर से आपराधिक गतिविधियों के संचालन की शिकायतों के बाद प्रशासन ने कड़ा कदम उठाया है। समस्तीपुर मंडल कारा से चार कुख्यात बंदियों रमेश ठाकुर, मोहम्मद चांद, दीपक मुंशी और अखिलेश राय को शिफ्ट कर केंद्रीय कारा मुजफ्फरपुर और भागलपुर सेंट्रल जेल भेज दिया गया है। इसके साथ ही दरभंगा के चर्चित सोना लूट कांड के मास्टरमाइंड भोला सिंह, जो दलसिंहसराय उपकारा में बंद था, उसे भी केंद्रीय कारा मुजफ्फरपुर स्थानांतरित कर दिया गया है।
सूत्रों के अनुसार, हाल के दिनों में जेल के भीतर से रंगदारी मांगने और आपराधिक नेटवर्क संचालित करने की शिकायतें सामने आई थीं। इन गंभीर आरोपों को देखते हुए प्रशासन ने बंदियों के बाहरी संपर्क को तोड़ने और जेल व्यवस्था को सुदृढ़ करने के उद्देश्य से यह कार्रवाई की है।
जेल अधीक्षक प्रशांत ओझा ने कार्रवाई की पुष्टि करते हुए कहा कि सुरक्षा और कानून-व्यवस्था बनाए रखने के लिए आवश्यक कदम उठाए जा रहे हैं। उन्होंने स्पष्ट किया कि यदि भविष्य में किसी अन्य बंदी की संलिप्तता सामने आती है, तो उसके खिलाफ भी इसी तरह की सख्त कार्रवाई की जाएगी। फिलहाल, प्रशासन का साफ संदेश है कि जेल के अंदर से अपराध संचालन की किसी भी कोशिश को बर्दाश्त नहीं किया जाएगा।

