मोहिउद्दीननगर में चार दिनों से लापता 6 वर्षीय बच्चे का नदी में उपलाता मिला शव, डूबने से मौत या हत्या ! जांच में जुटी पुलिस
समस्तीपुर : समस्तीपुर जिले के मोहिउद्दीन नगर थाना क्षेत्र में चार दिनों से लापता छह वर्षीय बच्चे का शव घर से करीब 100 मीटर की दूरी पर मरगंग नदी में उपलाता मिलने से इलाके में सनसनी फैल गई। मृतक की पहचान तेतारपुर पंचायत के आलमपुर गांव निवासी टाइल्स मिस्त्री मुकेश पासवान के पुत्र मोहब्बत कुमार (6 वर्ष) के रूप में हुई है। बताया गया कि मोहब्बत कुमार 11 जनवरी से लापता था। तीन दिन पूर्व परिजनों ने मोहिउद्दीन नगर थाना में अपहरण की आशंका जताते हुए नामजद प्राथमिकी दर्ज कराई थी। गुरुवार को गांव के पास नदी में बच्चे का शव दिखाई देने की सूचना मिलते ही परिजनों में कोहराम मच गया। सूचना पर पुलिस टीम मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए सदर अस्पताल भेज दिया।
मृतक की मां गुजरी देवी ने अपने आवेदन में गांव के ही संजय पासवान, उनकी पत्नी रंजू देवी, देवानंद पासवान, अनार सिंह देवी, चंदा देवी और शंभू पासवान पर गंभीर आरोप लगाए थे। आवेदन में कहा गया था कि आरोपियों से उनका पुराना विवाद चल रहा है और पूर्व में 50 हजार रुपये की रंगदारी की मांग की गई थी। रुपये नहीं देने पर बच्चे के अपहरण की धमकी भी दी गई थी। इसी विवाद के कारण परिजन अपहरण और हत्या की आशंका जता रहे हैं। इधर पुलिस पूरे मामले की जांच हत्या और हादसा, दोनों एंगल से कर रही है। घटनास्थल पर एफएसएल की टीम पहुंचकर तकनीकी साक्ष्य जुटा रही है। थानाध्यक्ष ने बताया कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट और जांच के बाद ही मौत के कारणों का स्पष्ट खुलासा हो सकेगा। घटना के बाद गांव में दहशत और आक्रोश का माहौल है, वहीं परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। पुलिस ने जल्द ही मामले का खुलासा करने का भरोसा दिलाया है।
डूबने से मौत या हत्या, जांच में जुटी पुलिस :
मोहिउद्दीननगर थानाध्यक्ष सचिन कुमार ने बताया कि यह मामला डूबने से मौत का है या हत्या की गई है, इसकी जांच की जा रही है। स्वजनों एवं ग्रामीणों से पूछताछ की जा रही है। साथ ही तकनीकी अनुसंधान, एफएसएल जांच एवं पोस्टमार्टम रिपोर्ट के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी। पुलिस का कहना है कि सभी पहलुओं पर गंभीरता से जांच की जा रही है।
11 जनवरी से लापता चल रहे 6 वर्षीय बच्चे मोहब्बत कुमार का नदी में मिला श'व, परिजनों में मचा कोह'राम
इससे पहले मां गुजरी देवी ने थाने में लिखित आवेदन देकर बेटे के अपहरण की जतायी थी आशंका
समस्तीपुर जिले के मोहिउद्दीननगर थाना क्षेत्र अंतर्गत तेतारपुर पंचायत स्थित आलम बदीया की घटना… pic.twitter.com/fOL2T746L9
— Samastipur Town (@samastipurtown) January 15, 2026

