समस्तीपुर: बाल कटाने के बाद नदी में नहाने गये तीन दोस्त, तेज गहराई और धारा में फंसने से एक की मौ’त

समस्तीपुर/दलसिंहसराय : दलसिंहसराय अनुमंडल क्षेत्र के घटहो थाना अंतर्गत मुसापुर गांव स्थित बलान नदी के भूषनी मठ घाट पर गुरुवार को नहाने के दौरान एक युवक की डूबने से मौत हो गई। मृतक की पहचान बंघारा पंचायत के वार्ड संख्या 18 निवासी स्व. दीनानाथ दास के 20 वर्षीय पुत्र कृष् कुमार के रूप में की गई है।जानकारी के अनुसार कृष् कुमार गुरुवार को अपने तीन दोस्तों के साथ बाल कटवाने गया था। इसके बाद सभी युवक बलान नदी में नहाने के लिए पहुंचे।
नहाने के दौरान कृष्ण गहरे पानी में चला गया और वापस बाहर नहीं निकल सका। पानी की तेज गहराई और धारा में फंसने की वजह से वह डूब गया। घटना देख बाकी साथी घबरा गए और नदी मे ही किनारे मे बेहोस हो गए होश मे आने के बाद उन्होंने पूरे मामले की जानकारी स्थानीय ग्रामीणों को दी। सूचना मिलते ही आसपास के लोग मौके पर पहुंचे और स्थानीय गोताखोरों की मदद से युवक की तलाश शुरू की गई। कुछ देर की मशक्कत के बाद शव को नदी से बाहर निकाला गया। जैसे ही मृतक का शव बाहर आया, परिजनों में कोहराम मच गया।

उधर, घटना की जानकारी घटहो थाना पुलिस को दी गई। पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर आवश्यक कार्रवाई शुरू की। शव को पोस्टमार्टम के लिए समस्तीपुर भेज दिया गया है। मृतक की असामयिक मौत से पूरे गांव में शोक की लहर है।ग्रामीणों ने बताया कि इस घाट पर अक्सर बाहरी युवक नहाने आते हैं, लेकिन यहां गहरे पानी और जगह जगह गड्ढे के कारण खतरा बना रहता है। उन्होंने प्रशासन से इस घाट पर सुरक्षा प्रबंधन की मांग की है ताकि भविष्य में ऐसी घटनाएं रोकी जा सके।







