शराब पार्टी के दौरान देसी व खिलौना पिस्टल के अलावा शराब व गोली के साथ बदमाश चढ़ा समस्तीपुर पुलिस के हत्थे
यहां क्लिक कर हमसे व्हाट्सएप पर जुड़े
समस्तीपुर/ताजपुर :- समस्तीपुर जिले के बंगरा थाने की पुलिस ने गुप्त सूचना पर गुरुवार की रात थाना क्षेत्र के कोठिया में छापेमारी कर शराब पार्टी कर रहे एक बदमाश को गिरफ्तार कर लिया। गिरफ्तारी के दौरान एक पिस्टल, एक गोली, एक खिलौना वाला पिस्टल, एक मोबाइल एवं 18 बोतल विदेशी शराब बरामद की गयी। गिरफ्तार बदमाश कोठिया गांव का अभिषेक कुमार उर्फ गोलू बताया गया।
थानाध्यक्ष मनीषा कुमारी ने बताया कि उन्हें गुप्त सूचना मिली थी कि गिरफ्तार बदमाश अपने घर के पिछवाड़े स्थित बथान में कुछ दोस्तों के साथ शराब पार्टी कर रहा है। सूचना मिलते ही पुलिस बल ने त्वरित कार्रवाई करते हुए बताए गए स्थान पर छापेमारी कर बदमाश को गिरफ्तार कर लिया। बाकी उसके चार साथी मौका पाकर फरार हो गए।
उन्होंने बताया कि शराब पार्टी में मौजूद एक अन्य युवक का आपराधिक इतिहास रहा है। कुछ दिन पहले ही जेल से बाहर आया है। शराब पार्टी में मौजूद सभी युवकों के बारे में जानकारी हासिल कर ली गई है। सभी की गिरफ्तारी के लिए छापेमारी की जा रही है। पकड़े गए बदमाश को पूछताछ के बाद शुक्रवार को न्यायिक हिरासत में समस्तीपुर भेज दिया गया है।

