तेजस्वी यादव ने सम्राट चौधरी को चीप मिनिस्टर बताया, कहा- सही समय पर जवाब मिलेगा

राष्ट्रीय जनता दल (RJD) के सुप्रीमो लालू प्रसाद यादव के परिवार के सदस्यों की सुरक्षा घटाने एवं पूर्व मुख्यमंत्री राबड़ी देवी का आवास बदले जाने पर बिहार में सियासत गर्म है। इस बीच लालू-राबड़ी के छोटे बेटे एवं बिहार विधानसभा में नेता प्रतिपक्ष तेजस्वी यादव ने सम्राट सरकार पर तीखा हमला बोला है। उन्होंने मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी पर ओछी राजनीति करने का आरोप लगाया और उन्हें चीप मिनिस्टर बता दिया। तेजस्वी ने कहा कि सम्राट चौधरी चीफ मिनिस्टर नहीं बल्कि चीप मिनिस्टर हैं। उन्होंने कहा कि सही समय आने पर सबको जवाब मिलेगा।
आरजेडी के कार्यकारी अध्यक्ष तेजस्वी यादव ने मंगलवार को पटना में मीडिया से बातचीत के दौरान एनडीए सरकार को आड़े हाथों लिया। लालू परिवार की सुरक्षा घटाए जाने के सवाल पर उन्होंने कहा- हमें किसी बात का डर नहीं है। जिनको डर है, उन्हें सुरक्षा चाहिए। उन्होंने कहा कि आरजेडी के कार्यकर्ता बहादुर हैं और हमारे साथ हैं।

राबड़ी देवी को सरकार ने ही दिया था बंगला- तेजस्वी
राबड़ी आवास को खाली कराने का नोटिस मिलने पर तेजस्वी ने कहा कि राबड़ी देवी बिहार की पहली महिला मुख्यमंत्री हैं। साल 2005 से उनके इस स्टेटस में कोई बदलाव नहीं हुआ है। उन्हें सरकार ने ही 10 सर्कुलर रोड वाला बंगला दिया था। नेता प्रतिपक्ष ने आरोप लगाया कि अब सिर्फ (लालू परिवार को) तंग करने के लिए यहां से हट जाने (आवास खाली करने) के लिए कहा जा रहा है।

सीएम बनने के बाद भी सम्राट की सोच नहीं बदली- नेता प्रतिपक्ष
तेजस्वी ने यह भी दावा किया कि कई लोगों ने बिना किसी पद के ही सरकारी बंगला और सुरक्षा ले रखी है। मुख्यमंत्री पर निशाना साधते हुए उन्होंने कहा, “सम्राट चौधरी की सोच में सीएम बनने के बाद भी कोई परिवर्तन नहीं आया है। वही चीप पॉलिटिक्स, वही नकारात्मक राजनीति कर रहे हैं। पीएम मोदी और अमित शाह को सम्राट संदेश दे रहे हैं कि हम लालू की पाठशाला के थे और अब उनकी पाठशाला के हो गए हैं। वह सलेक्टेड सीएम हैं ना कि इलेक्टेड सीएम हैं। वह चीफ मिनिस्टर नहीं चीप मिनिस्टर हैं।”

तेजस्वी बोले- मुद्दों से ध्यान भटका रही सरकार
तेजस्वी यादव ने आगे कहा कि भ्रष्टाचार, पेपर लीक, बेरोजगारी, अपहरण, महंगाई जैसे गंभीर मुद्दों से ध्यान भटकाने के लिए यह सब किया जा रहा है। उन्होंने दावा किया कि सरकार का खजाना खाली है और जनता को देने के लिए सरकार के पास कुछ नहीं है। इसलिए सरकार में बैठे लोग लालू परिवार को गालियां दे रहे हैं। उन्होंने आरोप लगाया कि मंत्री और अधिकारी घोटाला कर रहे हैं, लेकिन कोई कार्रवाई नहीं की जा रही है।

बता दें कि पिछले दिनों सम्राट सरकार ने लालू यादव एवं राबड़ी देवी की जेड प्लस सुरक्षा खत्म कर दी और उन्हें बिहार पुलिस की विशेष सुरक्षा दी गई। इसके बाद राबड़ी, तेजस्वी समेत लालू परिवार के अधिकतर सदस्यों ने सरकारी सुरक्षाकर्मियों को अपने यहां से हटा दिया।

वहीं, दूसरी ओर, बिहार सरकार ने राबड़ी देवी का सरकारी आवास पटना के 10 सर्कुलर रोड से बदलकर 39 हार्डिंग रोड कर दिया है। पूर्व सीएम को अपना मौजूदा आवास खाली कर नए बंगले में शिफ्ट होने का नोटिस मिला हुआ है। इस मुद्दे पर बिहार में राजनीति चरम पर है।
