बिहार में भ्रष्टाचार पर एक्शन, बेगूसराय मापतौल कार्यालय का लिपिक रिश्वत लेते गिरफ्तार

बेगूसराय में निगरानी विभाग की टीम ने रिश्वतखोरी के खिलाफ बड़ी कार्रवाई को अंजाम दिया है. यहाँ माप-तौल कार्यालय के एक लिपिक (क्लर्क) पुष्कर कुमार को घूस लेते हुए रंगे हाथ गिरफ्तार किया गया है.
निगरानी विभाग के डीएसपी पवन कुमार ने बताया कि पीड़ित व्यवसायी उमेश साह द्वारा इस मामले की शिकायत दर्ज कराई गई थी. शिकायत के अनुसार, बटखारा लाइसेंस के सत्यापन के नाम पर माप-तौल कार्यालय का लिपिक पुष्कर कुमार 10 हजार रुपये रिश्वत की मांग कर रहा था और पैसा नहीं देने पर लाइसेंस रद्द करने की धमकी दी जा रही थी.

शिकायत के सत्यापन के बाद टीम ने बिछाया जाल
शिकायत मिलने के बाद निगरानी विभाग द्वारा इस मामले का सत्यापन कराया गया था. सत्यापन में आरोप सही पाए जाने के बाद टीम ने कार्रवाई की योजना बनाई. इसी क्रम में सोमवार को निगरानी विभाग की टीम ने कार्यालय पहुंचकर जाल बिछाया और माप-तौल कार्यालय में अपनी सीट पर बैठे लिपिक पुष्कर कुमार को 5 हजार रुपये रिश्वत लेते हुए रंगेहाथ गिरफ्तार कर लिया.

5 हजार पहले ही ले चुका था आरोपी, आगे की पूछताछ जारी
डीएसपी पवन कुमार ने बताया कि आरोपी द्वारा कुल 10 हजार रुपये की मांग की गई थी, जिसमें से 5 हजार रुपये उसने पहले ही डरा-धमकाकर वसूल लिए थे. इसके बाद शेष बचे 5 हजार रुपये लेते समय निगरानी टीम ने उसे दबोच लिया. इस गिरफ्तारी के बाद कार्यालय परिसर में पूरी तरह से हड़कंप मच गया है. निगरानी विभाग की टीम आरोपी को गिरफ्तार करने के बाद उससे पूछताछ कर आगे की कार्रवाई में जुट गई है. इस कार्रवाई के बाद से सरकारी कार्यालयों में भ्रष्टाचार को लेकर चर्चा तेज हो गई है.



