समस्तीपुर Town

नजर हर खबर पर…

SamastipurNEWS

समस्तीपुर में जीविका की राशि में 1.11 करोड़ रुपये का गबन, बैंक मित्र पर लगा गंभीर आरोप

IMG 20261121 WA0050

समस्तीपुर : जीविका के स्वयं सहायता समूहों से जुड़ी ऋण की किस्त की राशि में 1 करोड़ 11 लाख 94 हजार 105 रुपये के गबन का गंभीर मामला सामने आया है। बिहार ग्रामीण बैंक की बहादुरपुर शाखा में संचालित जीविका के 189 स्वयं सहायता समूहों के बचत एवं ऋण खातों में वर्ष 2017 से 2025 के बीच बड़े पैमाने पर वित्तीय अनियमितता किए जाने का आरोप है। इस मामले में किरण जीविका महिला संकुल स्तरीय संघ की बैंक मित्र सुमन कुमारी पर समूह की महिलाओं से ऋण की किस्त की पूरी राशि लेकर बैंक खाते में निर्धारित रकम जमा नहीं करने और शेष राशि का गबन करने का आरोप लगाया गया है।

विभागीय जांच में कुल 1 करोड़ 11 लाख 94 हजार 105 रुपये की गड़बड़ी सामने आने के बाद अब प्राथमिकी दर्ज कराने की प्रक्रिया शुरू की गई है। इस संबंध में जीविका समस्तीपुर सदर के प्रखंड परियोजना प्रबंधक मुकेश कुमार पासवान ने मुफस्सिल थाना में आवेदन देकर बैंक मित्र जितवारपुर चौथ वार्ड 6 निवासी जितेंद्र कुमार की पत्नी सुमन कुमारी के विरुद्ध प्राथमिकी दर्ज कर कानूनी कार्रवाई करने की मांग की है। आवेदन में गबन की राशि के मामले में अन्य व्यक्तियों की भी संलिप्तता होने की आशंका जताई गई है।

IMG 20261105 WA0012

paid hero ad 20250215 123933 1 scaled

2017 में बैंक मित्र के रूप में हुई थी तैनाती :

बताया गया है कि किरण जीविका महिला संकुल स्तरीय संघ का कार्यालय शहर से सटे विशनपुर में संचालित है। संघ की ओर से वर्ष 2017 में सुमन कुमारी को बिहार ग्रामीण बैंक की बहादुरपुर शाखा में बैंक मित्र के रूप में पदस्थापित किया गया था। बैंक मित्र के रूप में उनका मुख्य कार्य जीविका से जुड़ी महिलाओं के बचत एवं ऋण खातों के संचालन में सहयोग करना तथा ऋण की किस्त की राशि बैंक में जमा कराने में मदद करना था। बहादुरपुर शाखा में कुल 189 जीविका स्वयं सहायता समूहों के बचत एवं ऋण खाते संचालित थे।

पूरी किस्त लेकर खाते में जमा करती थी महज 10 प्रतिशत राशि :

आवेदन में आरोप लगाया गया है कि बैंक मित्र सुमन कुमारी स्वयं सहायता समूह की ऋणी महिलाओं से ऋण की किस्त की पूरी राशि प्राप्त करती थीं। इसके बाद वह महिलाओं को बताती थी कि बैंक का लिंक फेल है और बाद में किस्त की राशि उनके बैंक खाते में जमा कर दी जाएगी। आरोप है कि महिलाओं से प्राप्त किस्त की राशि में से लगभग 10 प्रतिशत ही बैंक खाते में जमा किया जाता था, जबकि शेष 90 प्रतिशत राशि अपने पास रख ली जाती थी। इतना ही नहीं, महिलाओं को विश्वास में लेने के लिए बैंक मित्र की ओर से पूरी किस्त जमा होने की फर्जी पर्ची भी दी जाती थी। आवेदन के मुताबिक, यदि किसी महिला ने किस्त के रूप में 50 हजार रुपये दिए तो बैंक मित्र कथित तौर पर उसमें से केवल पांच हजार रुपये बैंक खाते में जमा करती थीं और शेष 45 हजार रुपये अपने पास रख लेती थीं। इसके बाद पांच हजार रुपये जमा करने के बावजूद 50 हजार रुपये की जमा पर्ची तैयार कर महिलाओं को दे दी जाती थी। इस तरह कथित तौर पर लंबे समय तक महिलाओं को गुमराह कर राशि का गबन किया जाता रहा।

IMG 20240904 WA0139

आवेदन में बताया गया है कि 22 सितंबर 2025 को तत्कालीन प्रखंड परियोजना प्रबंधक अंजनी कुमार को ई-मेल के माध्यम से बैंक मित्र के स्तर पर गबन किए जाने की जानकारी मिली थी। इसके बाद जिला परियोजना प्रबंधक जीविका समस्तीपुर को मामले से अवगत कराया गया। प्राप्त सूचना के आधार पर 10 अक्टूबर 2025 को जिला स्तरीय जांच समिति का गठन किया गया। समिति ने मामले की जांच कर अपनी रिपोर्ट 12 जनवरी 2026 को जिला कार्यालय को सौंप दी। जांच प्रतिवेदन के अनुसार, वर्ष 2017 से 2025 तक विभिन्न लेन-देन में कुल 1 करोड़ 11 लाख 94 हजार 105 रुपये की राशि के गबन की बात सामने आई। जांच रिपोर्ट के आधार पर विभागीय स्तर पर आगे की कार्रवाई शुरू की गई। इस मामले में जिला परियोजना प्रबंधक जीविका समस्तीपुर के द्वारा प्राथमिकी दर्ज कराने का आदेश दिया गया। इसके बाद प्रखंड परियोजना प्रबंधक मुकेश कुमार पासवान ने मुफस्सिल थाना पहुंचकर लिखित आवेदन दिया। इब संबंध में मुफस्सिल थानाध्यक्ष अजीत प्रसाद सिंह ने बताया कि आवेदन प्राप्त हुआ है। आवेदन के आलोक में प्राथमिकी दर्ज करने की प्रक्रिया की जा रही है।

FB ADD scaled

IMG 20261123 WA0036

IMG 20260516 WA0116

20201015 075150