अमित शाह, राजनाथ, ललन, मांझी, तावड़े से मिले बिहार सीएम; सम्राट कैबिनेट का स्वरूप तय हो गया?

दिल्ली दौरे पर गए बिहार के सीएम सम्राट चौधरी ने रविवार को एनडीए के नेताओं से ताबड़तोड़ मुलाकात की। उन्होंने केंद्रीय मंत्री सह जदयू नेता राजीव रंजन सिंह उर्फ ललन सिंह, हम प्रमुख जीतनराम मांझी, केंद्रीय रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह, गृह राज्यमंत्री नित्यानंद राय, रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव, बिहार भाजपा प्रभारी विनोद तावड़े से मुलाकात की। लेकिन, इन सबके बीच सबसे महत्वपूर्ण मुलाकात बीजेपी के चाणक्य और गृह मंत्री अमित शाह के साथ रही। बिहार सरकार में मुख्मंत्री के अलावे मात्र दो डिप्टी सीएम हैं। बंगाल चुनाव के नतीजों के बाद जल्द ही सम्राट कैबिनेट के संभावित विस्तार के मद्देनजर सम्राट चौधरी का दिल्ली दौरा बेहद अहम माना जा रहा है।
अमित शाह से मुलाकात के बाद सम्राट चौधरी ने सोशल मीडिया पर तस्वीर शेयर किया। अपने एक्स हैंडल पर उन्होंने लिखा, “ देश के यशस्वी गृह एवं सहकारिता मंत्री श्री अमित शाह जी से मुलाकात कर सुरक्षा, सुशासन एवं बिहार के समग्र विकास से जुड़े विभिन्न विषयों पर मार्गदर्शन प्राप्त किया।”

सम्राट चौधरी वित्त मंत्री निर्मला सीतामरमण, बीजेपी के पूर्व राष्ट्रीय अध्यक्ष जेपी नड्डा से भी मिले। जेपी नड्डा से मिलने के बाद सम्राट चौधरी ने कहा कि आज नई दिल्ली में माननीय केंद्रीय स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण, रसायन एवं उर्वरक मंत्री तथा भाजपा के पूर्व राष्ट्रीय अध्यक्ष श्री जेपी नड्डा से औपचारिक मुलाकात की। इस अवसर पर बिहार में आधुनिक चिकित्सीय सुविधाओं के सुदृढ़ीकरण एवं उर्वरक क्षेत्र से जुड़े मुद्दों पर सार्थक चर्चा हुई। निर्मला सीतरमण से मिलने के बाद कहा कि माननीय केंद्रीय वित्त मंत्री श्रीमती निर्मला सीतारमण से शिष्टाचार मुलाकात कर बिहार के आर्थिक विकास, समग्र उन्नयन और प्रगति के विभिन्न आयामों पर विस्तृत एवं सार्थक चर्चा हुई।





