फिलीपींस की पाऊलीन को भाया बिहारी बाबू, 9 साल की फेसबुक वाली चैटिंग के बाद मुंगेर के मंदिर में लिए सात फेरे

कहते हैं कि प्यार की कोई सीमा नहीं होती और न ही कोई सरहद इसे रोक सकती है। इस कहावत को सच कर दिखाया है मुंगेर जिले के असरगंज के रहने वाले ऋषि कुमार और फिलीपींस की पाऊलीन क्रूज ने। करीब 9 साल पहले फेसबुक पर शुरू हुई एक साधारण सी चैटिंग रविवार को हवेली खड़गपुर के प्रसिद्ध पंचबदन शिव मंदिर में विवाह के पवित्र बंधन में बदल गई। विदेशी दुल्हन और देसी दूल्हे की इस अनोखी शादी को देखने के लिए मंदिर परिसर में लोगों का हुजूम उमड़ पड़ा।
9 साल की चैटिंग के बाद की शादी
ऋषि कुमार, जो असरगंज के मिल्की टोला निवासी विजय साह के पुत्र हैं और वर्तमान में भागलपुर में एशियन पेंट्स में इंजीनियर के पद पर कार्यरत हैं, की मुलाकात फिलीपींस की पाऊलीन क्रूज केरिंयेजा से फेसबुक के जरिए हुई थी। धीरे-धीरे दोनों के बीच बातचीत बढ़ी और यह दोस्ती गहरे प्यार में तब्दील हो गई। ऋषि और पाऊलीन ने करीब 9 वर्षों तक ऑनलाइन एक-दूसरे को समझा और अंत में साथ जीवन बिताने का फैसला लिया। ऋषि के प्यार की खातिर पाऊलीन फिलीपींस से सीधे भारत पहुँच गईं।

हिंदू रीति-रिवाज से संपन्न हुआ विवाह
रविवार को खड़गपुर स्थित पंचबदन शिव मंदिर में दोनों ने हिंदू धर्म के रीति-रिवाजों के अनुसार सात फेरे लिए। मंदिर के पुजारी ने पंचमुखीनाथ को साक्षी मानकर मंत्रोच्चार के साथ पूरे विधि-विधान से शादी कराई। पाऊलीन, जो पूरी तरह विदेशी परिवेश से आती हैं, उन्होंने भारतीय परंपराओं को सम्मान देते हुए ऋषि के साथ सात जन्मों का संकल्प लिया। मंदिर परिसर में मौजूद ग्रामीणों ने इस जोड़ी को ढेर सारा आशीर्वाद दिया।

लोगों के लिए यह कौतूहल का विषय था कि कैसे एक फेसबुक फ्रेंडशिप अंतरराष्ट्रीय विवाह में बदल गई।ऋषि और पाऊलीन की यह प्रेम कहानी सोशल मीडिया पर भी काफी वायरल हो रही है। ऋषि के परिजनों ने भी अपनी विदेशी बहू का पूरे उत्साह के साथ स्वागत किया है।


