पटना में कदमकुआं थाने के एडिशनल एसएचओ रिश्वत लेते गिरफ्तार, केस रफा-दफा करने के लिए ले रहे थे 7000 रुपये

बिहार की राजधानी पटना में निगरानी अन्वेषण ब्यूरो ने गुरुवार को भ्रष्टाचार के खिलाफ कार्रवाई करते हुए कदमकुआं थाने में तैनात एडिशनल एसएचओ अर्जुन यादव को रिश्वत लेते हुए रंगे हाथ गिरफ्तार कर लिया. यह कार्रवाई उस समय हुई जब आरोपी पुलिस अधिकारी एक मामले को कमजोर करने और केस डायरी अपने पक्ष में मैनेज करने के बदले शिकायतकर्ता से पैसे ले रहा था.
शिकायत के बाद हुई कार्रवाई
निगरानी विभाग के मुताबिक, कदमकुआं निवासी शमशाद आलम ने शिकायत दर्ज कराई थी कि एडिशनल एसएचओ अर्जुन यादव उन्हें एक केस में फंसाने का डर दिखा रहे थे. आरोप था कि केस संख्या 315-26 में नाम जोड़ने या कार्रवाई बढ़ाने की धमकी देकर उनसे 7 हजार रुपये रिश्वत मांगी जा रही थी. पीड़ित ने मामले की जानकारी निगरानी थाने को दी, जिसके बाद पूरी शिकायत की जांच कराई गई.

स्पेशल टीम ने जाल बिछाकर पकड़ा
शुरुआती जांच में शिकायत सही मिलने पर निगरानी विभाग ने डीएसपी आदित्य राज की अगुवाई में विशेष ट्रैप टीम बनाई. पूरी योजना के तहत गुरुवार को जाल बिछाया गया. तय स्थान पर जैसे ही अर्जुन यादव ने रिश्वत की रकम ली, निगरानी टीम ने बुद्ध मूर्ति के पास जस्टिस राज किशोर पथ पर उन्हें मौके पर ही पकड़ लिया.

जारी रहेगी कार्रवाई
कार्रवाई के दौरान आरोपी के पास से रिश्वत की रकम भी बरामद की गई. गिरफ्तारी के तुरंत बाद उन्हें निगरानी मुख्यालय ले जाया गया, जहां उनसे पूछताछ जारी है. अधिकारियों का कहना है कि मामले के हर पहलू की जांच की जा रही है और आगे कानूनी प्रक्रिया के तहत सख्त कार्रवाई होगी.



