Bihar

बिहार: डिलीवरी बॉय के सिर में मारी गोली, काउंटर से लूटे लाखों रुपये; मुजफ्फरपुर के फ्लिपकार्ट कार्यालय में लूट की बड़ी वारदात

मुजफ्फरपुर के खबड़ा में रविवार की रात सवा नौ बजे हथियारों से लैस नौ बदमाशों ने ई-कॉमर्स कंपनी के गोदाम सह कार्यालय में घुसकर 4.93 लाख रुपए लूट लिए। इस दौरान खतरे का सायरन बजाने पर कंपनी के डिलेवरी ब्वॉय प्रकाश कुमार मिश्रा की बदमाशों ने गोली मारकर हत्या कर दी। वह मनियारी थाना के सिलौत गांव का निवासी था। बदमाशों ने उसके सिर में कट्टा से गोली मारी है।

बदमाशों ने डेढ़ दर्जन कर्मियों को बंधक बनाकर ई- कॉमर्स कंपनी फ्लिपकार्ट के कार्यालय में करीब 15 मिनट तक लूटपाट की। कैश बॉक्स से झोला में रुपये भरकर सभी बदमाश मैदापुर चौबे गांव की ओर भाग निकले। बदमाश तीन बाइक और एक कार से आए थे। वारदात के बाद घटनास्थल से 100 मीटर की दूरी पर एक बाइक खराब हो गई तो उसे वहीं छोड़ कार व अन्य बाइक से बदमाश भाग निकले।

घटना की जानकारी मिलने पर करीब 10 बजे सदर थाने की पुलिस मौके पर पहुंची। खून से लथपथ प्रकाश कुमार मिश्रा को उठाकर बैरिया स्थित एक निजी अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत बता दिया। सीसीटीवी में वारदात को अंजाम देते बदमाशों की तस्वीर दिखी है, जिससे उनकी पहचान में पुलिस जुटी है। पुलिस अधिकारियों ने घटना के समय मौजूद सभी कर्मियों से बारी-बारी पूछताछ की।

लूट की वारदात को अंजाम देने पहुंचे बदमाशों ने गोदाम में घुसते ही सभी कर्मियों को गन प्वाइंट पर ले लिया। गोदाम में कंप्यूटर पर काम कर रहे कर्मी विपुल वैभव ने पुलिस को बताया कि बदमाशों ने अंदर आते ही सभी लोगों को कब्जे में लेकर मोबाइल भी ले लिया। बदमाशों के हाथ मे देसी पिस्तौल के अलावे छोटे साइज की तलवार भी थी। कैश रूम में ले जाकर पूछने लगे कैश किधर है। जैसे ही कैश बॉक्स दिखा उसमें से रुपये निकलकर थैला में भरने लगे। इसके बाद सभी बदमाश कैश रूम से निकलने लगे। प्रकाश कैश रूम के बाहर ही था। इसी दौरान सायरन बजने लगा।

सायरन बजते ही बदमाशों को लगा कि प्रकाश ने बटन दबाया है। इसपर एक बदमाश ने उसे गोली मार दी। गोली सिर में लगी और प्रकाश वहीं गिर गया। बदमाश बाहर निकले और बाइक व कार से फरार हो गए। कर्मियों ने बताया कि सामान्य दिनों में आठ से दस लाख रुपये कैश कलेक्शन होता है। 70 से अधिक डिलेवरी ब्वॉय कलेक्शन के बाद एक-एक कर कैश जमा करते हैं। वारदात से पहले 50 से अधिक डिलेवरी ब्वॉय कैश जमा करा चुके थे। फ्लिपकार्ट कर्मियों ने बताया कि यहां के मैनेजर को 10 दिनों पहले ही बदला गया है। मैनेजर राजीव कुमार की जगह समरेंद्र कुमार आए है। वहीं, पुलिस ने सभी कर्मियों की मोबाइल की जांच की।

जब्त अपाचे बाइक पर है पटना की पैशन प्रो का नंबर

घटनास्थल से कुछ दूरी पर छूटी बदमाशों की अपाचे बाइक पुलिस ने जब्त कर ली है। उसपर नया नंबर प्लेट लगा है। जब नंबर की जांच की गई तो यह पैशन प्रो बाइक की निकली। इससे आशंका है की बदमाश चोरी की गाड़ियों से घटना को अंजाम देने आये थे। जब्त अपाची चोरी की होने की आशंका है। इंजन व चेसिस नंबर से ओनर का पता लगाया जा रहा है।

Avinash Roy

Recent Posts

बिहार के सभी 264 नगर निकायों में सशक्त स्थायी समिति चुनाव की घोषणा; नामांकन, वोटिंग, रिजल्ट एक ही दिन

बिहार के 19 नगर निगम सहित 264 शहरी निकायों में सशक्त स्थायी समिति के चुनाव…

39 मिनट ago

समस्तीपुर रेल मंडल में इस वर्ष 608 लाख से अधिक यात्रियों ने किया सफर, पिछले वर्ष की तुलना में 20.13 % अधिक, इंकम में भी बढ़ोतरी

समस्तीपुर : पूर्व मध्य रेलवे के समस्तीपुर मंडल ने वित्तीय वर्ष 2025-26 में वाणिज्यिक क्षेत्र…

2 घंटे ago

नई दिल्ली से दरभंगा के बीच 16 अप्रैल से चलेगी स्पेशल ट्रेन, मिलेगी सुविधा

समस्तीपुर : गर्मी के मौसम में यात्रियों की भीड़ को देखते हुए रेलवे ने नई…

2 घंटे ago

समस्तीपुर में सरकारी स्कूल के टीचर ने दी अपनी जान, मृतक के पिता बोले- “एक अन्य शिक्षिका उनके पुत्र पर बना रही थी पत्नी को तलाक देने का दबाव”

समस्तीपुर/मुसरीघरारी : समस्तीपुर जिले के मुसरीघरारी थाना क्षेत्र अंतर्गत हरपुर एलौथ स्थित वास्तु विहार में…

3 घंटे ago

दरभंगा में ज्वेलरी शॉप से 2 करोड़ की लूट, बंदूक दिखा दिनदहाड़े कैश और जेवर ले गए बदमाश

बिहार के दरभंगा में शुक्रवार को दिनदहाड़े बड़ी लूट की वारदात सामने आई है. नगर…

5 घंटे ago

तीन वर्ष पुराने चोरी के मामले में एक आरोपी गिरफ्तार, पत्नी को TRE-1 की परीक्षा दिलाने गया हुआ था पटना

समस्तीपुर : मुफस्सिल थाने की पुलिस ने तीन वर्ष पूर्व हुए एक चोरी के मामले…

5 घंटे ago