बिना नाम लिए चाचा ने भतीजे को कहा मेंढक:पशुपति पारस बोले-चुनावी बरसात में नाली के मेंढक टर्र-टर्र करते हैं, हाजीपुर से ही लड़ूंगा चुनाव
केंद्रीय मंत्री पशुपति कुमार पारस ने बिना नाम लिए भतीजे चिराग पासवान को मेंढक बताया। उन्होंने कहा कि बरसात के दिनों में नदी..नाले के मेंढक टर्र-टर्र करने लगता है। चुनावी बरसात में बहुत से लोग आएंगे और जाएंगे। दुर्गा जी का मेला है, बहुत से लोग आएंगे आशीर्वाद लेंगे और जाएंगे। कुछ होना नहीं है।
रविवार को केंद्रीय मंत्री पशुपति कुमार पारस हाजीपुर पहुंचे थे। यहां उन्होंने चिराग पासवान के एनडीए में शामिल होने और हाजीपुर सीट से चुनाव लड़ने वाली दावेदारी पर प्रतिक्रिया दी। पशुपति कुमार पारस ने कहा कि हाजीपुर से मैं ही चुनाव लडूंगा। मेरे अलावा कौन है, जो चुनाव लड़ेगा। उन्होंने कहा कि बड़े भैया राम विलास पासवान ने जहां हाथ पकड़कर चुनाव लड़ना सिखाया है और यहां से चुनाव लड़ें।

केंद्रीय मंत्री ने कहा कि मेरे अलावा हाजीपुर का दावेदार कौन है। सब झूठा दावेदार है। जो दावेदार है उसने घोषणा की थी कि जहां हम हैं, वहां आजीवन सेवा करेंगे। उन्होंने कहा कि जो हाजीपुर का दावेदार है, उसको बोलिए कि पासवान जहां हाथ पकड़कर ले गए थे। वहां सेवा करेंगे।


उन्होंने आगे कहा कि मैंने किसी पार्टी और व्यक्ति को धोखा नहीं दिया है। हम तीन भाई राम, लक्ष्मण और भरत थे। आखिर ऐसी क्या परिस्थिति बन गई, जिससे मेरे बड़े भाई और छोटे भाई के जाने के बाद मेरे परिवार और पार्टी टूट गई। बता दें कि केंद्रीय मंत्री पशुपति कुमार पारस हाजीपुर में कार्यकर्ता सम्मेलन में पहुंचे थे। सर्किट हाउस में बातचीत करते हुए उन्होंने चुनाव को लेकर प्रतिक्रिया दी है।





