बिहार पुलिस बहाली 2023: बंपर 75000 पदों पर CSBC करेगा भर्ती, जानें कब आएगा नोटिफिकेशन
बिहार सरकार ने अपने बजट में करीब चार लाख पदों पर भर्ती और 10 लाख रोजगार सृजित करने का भरोसा दिया गया है। वित्तमंत्री ने मंगलवार को बजट पेश करते हुए उन तकरीबन 4 लाख नौकरियों का ब्योरा पेश किया, जिनकी भर्ती होनी है या प्रक्रिया चल रही है। इनमें बिहार पुलिस में निकलने वाली 75543 पदों पर भर्ती भी शामिल है। वित्त मंत्री के ऐलान से उम्मीद की जा रही है कि बिहार पुलिस में आने वाले महीनों में कांस्टेबल, एसआई, एएसआई, कांस्टेबल ड्राइवर के पदों पर बंपर भर्ती निकलने वाली है। 75 हजारों पदों में से करीब 48 हजार पद सीधी भर्ती से भरे जाएंगे। इनकी मंजूरी पहली कैबिनेट बैठक में दी जा चुकी है। 48 हजार में दारोगा (एसआई) व समकक्ष के 20937 पद हैं। सिपाही व समकक्ष के 22010 पद हैं। सिपाही ड्राइवर के 5500 पद हैं। डायल 112 के तहत पहले चरण में 7808 पदों पर भर्ती होगी। दूसरे चरण में 11288 की भर्ती होगी। ये सभी पद चरणवार तरीके से भरे जाएंगे।
उम्मीद की जा रही है कि भर्ती की विज्ञप्ति मार्च-अप्रैल में जारी हो सकती है। केन्द्रीय चयन पर्षद सिपाही भर्ती, बिहार ( CSBC ) जल्द ही कांस्टेबल भर्ती का नोटिफिकेशन जारी करेगा। इसके अलावा BPSSC (बिहार पुलिस सबोर्डिनेट सर्विसेज कमिशन ) भी सब इंस्पेक्टर (दारोगा) के हजारों पदों पर भर्ती निकालेगा।
ये मांगी जा सकती है योग्यता (पहले निकली भर्तियों के आधार पर)
कांस्टेबल के पदों के लिए 12वीं यानी इंटर पास उम्मीदवार आवेदन कर सकेंगे। सीएसबीसी की इस भर्ती में योग्य उम्मीदवारों का चयन लिखित परीक्षा और शारीरिक मानक व दक्षता परीक्षण में योग्य पाए जाने पर किया जाएगा। लिखित परीक्षा इंटरमीडिएट (10+2) स्तर की होगी जिसमें बिहार बोर्ड की 12वीं कक्षा के स्तर की विस्तृत पाठ्य सामग्री से प्रश्न पूछे जाएंगे। सामान्य (अनारक्षित) वर्ग के पुरुषों एवं महिलाओं के लिए न्यूनतम उम्र 18 वर्ष और अधिकतम उम्र 25 वर्ष रखी जाएगी।
बिहार पुलिस दरोगा भर्ती ( BPSSC Bihar Police SI Bharti )
बिहार पुलिस एसआई भर्ती के लिए ग्रेजुएशन की योग्यता मांगी जा सकती है। एसआई के लिए जनरल कैटेगरी की अधिकतम आयु सीमा 37 वर्ष और कांस्टेबल के लिए 25 वर्ष संभावित है। आरक्षण नियमों के मुताबिक आयु सीमा में छूट मिलेगी।




