समस्तीपुर में IPRD की अनूठी पहल: शुरू हुई भव्य Reel प्रतियोगिता, मिलेंगे आकर्षक इनाम और प्रमाण पत्र

समस्तीपुर : समस्तीपुर समेत पूरे बिहार में लोक आस्था के महापर्व छठ की अलौकिक छटा, परंपरा और सांस्कृतिक विरासत को वैश्विक पटल पर पहुंचाने के लिए सूचना एवं जनसंपर्क विभाग (IPRD) की ओर से ‘छठ महापर्व 2026 पर भव्य रील प्रतियोगिता’ की घोषणा कर दी गई है. यह प्रतियोगिता सोशल मीडिया इन्फ्लुएंसर्स और कंटेंट क्रिएटर्स के लिए अपनी रचनात्मकता के जरिए बिहार के गौरव और इस महान पर्व की भव्यता को दुनिया के सामने रखने का एक सुनहरा अवसर है. प्रतियोगिता की शुरुआत 14 नवंबर 2026 को अपराह्न 4:00 बजे से हो चुकी है, जो 16 नवंबर 2026 को अपराह्न 5:00 बजे तक चलेगी.
इन विषयों पर बना सकेंगे रील, तय की गई है समय सीमा
प्रतिभागी अपनी रचनात्मकता दिखाने के लिए कई प्रमुख विषयों पर वीडियो बना सकते हैं. इसमें घाटों की तैयारी, साफ-सफाई, साज-सज्जा और सौंदर्यीकरण, खरना प्रसाद निर्माण और पारंपरिक रीति-रिवाज, तथा संध्या व प्रातःकालीन अर्घ्य के मनमोहक पल शामिल हैं. इसके अलावा, लाइट एंड साउंड शो, वाटर स्क्रीन प्रस्तुति और घाटों पर की गई विशेष प्रशासनिक व्यवस्थाओं पर भी रील बनाई जा सकती है. रील्स निर्धारित समयावधि के भीतर ही अपलोड और गूगल फॉर्म के माध्यम से सबमिट करनी होंगी, जिनकी व्यूज गणना 16 नवंबर की रात्रि 11:59 तक की जाएगी.

प्रतियोगिता के नियम और अनिवार्य हैशटैग का निर्देश
विभाग द्वारा स्पष्ट किया गया है कि रील पूरी तरह से मौलिक और स्व-रचित होनी चाहिए. किसी अन्य क्रिएटर की नकल या पुराने वीडियो स्वीकार नहीं किए जाएंगे. रील अपलोड करते समय दोनों आधिकारिक हैशटैग ‘बिहार गौरव छठ महापर्व’ और ‘सम्राट4 बीजेपी’ का प्रयोग करना अनिवार्य है. व्यूज के सत्यापन के लिए प्रतिभागियों को अपनी रील सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म पर सार्वजनिक रखनी होगी. फर्जी व्यूज या बॉट्स के इस्तेमाल से जुड़ी किसी भी प्रकार की प्रविष्टियां स्वतः रद्द कर दी जाएंगी.

शीर्ष विजेताओं को मिलेंगे आकर्षक पुरस्कार और प्रमाण-पत्र
इस प्रतियोगिता के तहत सर्वाधिक व्यूज प्राप्त करने वाली शीर्ष 3 रीलों को IPRD द्वारा प्रथम, द्वितीय और तृतीय पुरस्कार से सम्मानित किया जाएगा. इसके साथ ही, बेहतरीन प्रदर्शन करने वाले शीर्ष 50 प्रतिभागियों को ‘सर्टिफिकेट ऑफ पार्टिसिपेशन’ प्रदान किया जाएगा. विभाग ने यह भी घोषणा की है कि उत्कृष्ट क्रिएटर्स को भविष्य में सरकार के सोशल मीडिया अभियानों में सहयोग और सहभागिता के विशेष अवसर मिलेंगे, जिससे डिजिटल क्रिएटर्स में भारी उत्साह देखा जा रहा है.



