समस्तीपुर की सड़कों पर अचानक उतरी पुलिस, SP अरविंद प्रताप सिंह ने खुद संभाली कमान, एक-एक वाहनों की हुई जांच

समस्तीपुर : अपराध नियंत्रण और शराबबंदी कानून के प्रभावी अनुपालन को लेकर शनिवार को जिला पुलिस की ओर से सघन वाहन जांच अभियान चलाया गया। इस दौरान एसपी अरविंद प्रताप सिंह खुद सड़क पर उतरे और शहर के विभिन्न प्रमुख स्थानों पर चल रही वाहन जांच का जायजा लिया। एसपी ने मगरदही घाट और मोहनपुर पुल चौक पहुंचकर पुलिस टीम द्वारा की जा रही जांच का निरीक्षण किया। अभियान के दौरान प्रमुख मार्गों से गुजरने वाले दोपहिया और चारपहिया वाहनों को रोककर उनके कागजात की जांच की गई।
समस्तीपुर जिले के सभी चेकपोस्टों पर चलाया गया सघन वाहन चेकिंग अभियान, अपराध नियंत्रण को लेकर पुलिस अलर्ट, SP अरविंद प्रताप सिंह भी सड़क पर उतर लिया जांच का जायजा #Samastipur #SamastipurPolice #SP #ArvindPartapSingh pic.twitter.com/V4jtiWMZWA
— Samastipur Town (@samastipurtown) October 3, 2026
वाहनों में सवार लोगों से भी आवश्यक पूछताछ की गई। पुलिस टीम ने संदिग्ध वाहनों की डिग्गी सहित अन्य स्थानों की तलाशी ली। एसपी ने मौके पर तैनात पुलिसकर्मियों से जांच की जानकारी ली और उनकी कार्यप्रणाली का जायजा लिया। एसपी ने पुलिसकर्मियों को संदिग्ध वाहनों और व्यक्तियों पर विशेष नजर रखने तथा किसी भी संदिग्ध गतिविधि की सूचना मिलने पर तत्काल नियमानुसार कार्रवाई करने का निर्देश दिया।

उन्होंने कहा कि अपराध पर नियंत्रण के साथ शराब की तस्करी और शराबबंदी कानून के उल्लंघन को रोकने के लिए वाहन जांच अभियान लगातार जारी रहेगा। एसपी ने सभी थानाध्यक्षों और पुलिस गश्ती दलों को अपने-अपने क्षेत्रों में नियमित रूप से वाहन जांच करने और संदिग्ध गतिविधियों पर प्रभावी निगरानी रखने का निर्देश दिया। शनिवार को जिले के विभिन्न थाना क्षेत्रों में पुलिस टीमों ने प्रमुख मार्गों और संवेदनशील स्थानों पर वाहनों की जांच की।




