शुक्रवार, अक्टूबर 2, 2026

समस्तीपुर Town

नजर हर खबर पर…

SamastipurNEWS

नशे की जरूरत पूरी करने के लिए चोरी करता था युवक, चोरी करते रंगे हाथ पकड़ाने पर लोगों ने की पिटाई, पुलिस ने अस्पताल में कराया भर्ती

paid hero ad 20250215 123933 1 scaled

समस्तीपुर : मुफस्सिल थाना क्षेत्र के भुईधारा चौक पर चोरी के संदेह में गुरुवार को स्थानीय लोगों ने एक युवक को पकड़ लिया। आक्रोशित लोगों ने उसकी पिटाई भी कर दी। सूचना मिलने पर डायल-112 की टीम मौके पर पहुंची और युवक को भीड़ से निकालकर इलाज के लिए सदर अस्पताल में भर्ती कराया। बाद में पुलिस ने उसे गिरफ्तार कर लिया। मामले को लेकर भुईधारा निवासी स्व. वृजनंदन वर्मा के पुत्र दीपक वर्मा (65) के आवेदन पर मुफस्सिल थाने में प्राथमिकी दर्ज की गई है। गिरफ्तार युवक की पहचान भुईधारा निवासी राजेश कुमार शर्मा उर्फ तबला के पुत्र सिद्धार्थ शर्मा के रूप में हुई है।

पुलिस के अनुसार, पूछताछ में युवक ने निर्माणाधीन मकानों के आसपास से लोहे की सरिया सहित अन्य सामान चोरी करने और उसे बाजार में बेचने की बात बताई है। पुलिस अब उसके द्वारा बताए गए स्थानों और चोरी के सामान के संबंध में सत्यापन कर रही है। पूछताछ के दौरान युवक ने नशे की आदत के कारण चोरी करने की बात कही। उसने पुलिस को बताया कि चोरी के सामान को बेचने से मिलने वाले पैसों से वह ब्राउन शुगर खरीदता था। युवक ने खुद को नशे का आदी बताया है।

file 0000000024b48211aa752e89fc9a15de

युवक ने पुलिस को यह भी बताया कि पहले वह वाहन चलाने का काम करता था। करीब तीन माह तक काम करने के बाद वेतन नहीं मिलने के कारण उसने नौकरी छोड़ दी। इसके बाद वह नशे की गिरफ्त में आ गया और अपनी नशे की जरूरत पूरी करने के लिए चोरी करने लगा। इधर, स्थानीय लोगों के मुताबिक भुईधारा और आसपास के इलाकों में चोरी की घटनाओं को लेकर पहले भी शिकायतें सामने आती रही हैं।

दीपक वर्मा ने बताया कि कुछ मामलों में कम उम्र के नशे के आदी युवकों की संलिप्तता की जानकारी भी सामने आई थी। मुफस्सिल थानाध्यक्ष अजित प्रसाद सिंह ने बताया कि आवेदन के आधार पर प्राथमिकी दर्ज कर आरोपित युवक को न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया है। चोरी की अन्य घटनाओं में उसकी संलिप्तता की भी जांच की जा रही है।

IMG 20240904 WA0139

FB ADD scaled

IMG 20260516 WA0116

20201015 075150