समस्तीपुर BRC में सर्विस बुक पर हस्ताक्षर से लेकर एरियर भुगतान, माृतकावकाश, चाइल्ड केयर लीव तक के लिए अलग-अलग रेट तय करने का आरोप

समस्तीपुर : प्रखंड संसाधन केंद्र (बीआरसी) समस्तीपुर में कथित भ्रष्टाचार और अनियमितताओं को लेकर बिहार पंचायत-नगर प्रारंभिक शिक्षक संघ की शिकायत पर जांच की प्रक्रिया शुरू कर दी गई है। संघ ने समस्तीपुर के प्रखंड शिक्षा पदाधिकारी (बीईओ) पर कथित तौर पर कुछ शिक्षकों को बीआरसी में प्रतिनियुक्त कराकर उनसे शिक्षकों से अवैध वसूली कराने का गंभीर आरोप लगाया है। हालांकि, इन आरोपों की पुष्टि जांच के बाद ही हो सकेगी।
संघ के द्वारा जिला शिक्षा पदाधिकारी (डीईओ) कामेश्वर प्रसाद गुप्ता को आवेदन देकर इसकी शिकायत दर्ज करायी गयी है और पूरे प्रकरण की जांच कराने को कहा गया है। संघ के प्रखंड अध्यक्ष हरिमोहन चौधरी ने डीईओ को दिए आवेदन में बीआरसी की कार्यप्रणाली को लेकर कई आरोप लगाए हैं। संघ का आरोप है कि बीआरसी में शिक्षकों के विभिन्न कार्यों के लिए कथित तौर पर अलग-अलग राशि तय की गई है।

इसमें सर्विस बुक पर हस्ताक्षर, एचआरए में सुधार, एरियर भुगतान, मातृत्व अवकाश, चाइल्ड केयर लीव, लीव विदाउत पे जैसे कार्य शामिल हैं। आरोप है कि इन कार्यों के लिए शिक्षकों पर दबाव बनाकर कथित रूप से राशि की मांग की जाती है। संघ ने यह भी आरोप लगाया है कि बीईओ द्वारा कुछ शिक्षकों को बीआरसी में प्रतिनियुक्त कर उनसे इस तरह की कथित वसूली कराई जाती है। ऐसे शिक्षक बीआरसी में लंबे समय से टीके हैं, आरोप है की ऐसे प्रतिनियुक्त शिक्षक अपने ही शिक्षक साथी से बदसलूकी करने से भी बाज नहीं आते है।

शिक्षकों के सर्विस बुक पर नहीं हुआ हस्ताक्षर :
बताया गया है कि कुछ महीनों पहले कार्यालय से शिक्षकों के सर्विस बुक पर हस्ताक्षर के लिए कैंप लगाये जाने की घोषणा हुई थी। लेकिन यह सिर्फ कागजी आदेश बनकर रह गया। अब तक कई शिक्षकों के सर्विस बुक पर हस्ताक्षर नहीं हो सका है और बीआरसी में ही सभी सर्विस बुक पड़ा है। संघ का आरोप है कि शिक्षकों के कार्यों को जानबूझकर लंबित रखा जाता है और इसके लिए बीआरसी में प्रतिनियुक्त शिक्षकों द्वारा उन पर कथित रूप से रूपये देने का दबाव बनाया जाता है। संघ की शिकायत में बीआरसी में पदस्थापित बीईओ और लेखापाल की कार्यप्रणाली पर भी सवाल उठाए गए हैं।

संघ के द्वारा डीईओ कामेश्वर प्रसाद गुप्ता को बताया गया है कि बीआरसी में प्राथमिक विद्यालय मधुबन चौक, खानपुर के प्रधान शिक्षक यशवंत भारती प्रतिनियुक्ति पर है और बीआरसी में लेन-देन को लेकर खुलेआम शिक्षकों को वह धमकाते हैं। संघ ने पूरे मामले की निष्पक्ष जांच कर दोषी पाए जाने वाले कर्मियों के विरुद्ध कार्रवाई की मांग की है। इधर, कुछ शिक्षकों ने जिलाधिकारी (डीएम) रोशन कुशवाहा को भी आवेदन देकर समस्तीपुर बीआरसी में कथित अनियमितताओं की शिकायत की है। पदाधिकारियों के पास शिकायत के बाद अब शिक्षकों के बीच भी इसकी चर्चा तेज हो गई है।




