परीक्षा में धांधली रोकने को पूरी रात चला सर्च ऑपरेशन, समस्तीपुर पुलिस ने रात भर होटल-लॉज खंगाले, हर गतिविधि पर रही नजर

समस्तीपुर : मद्यनिषेध सिपाही, कक्षपाल एवं चलंत दस्ता सिपाही भर्ती परीक्षा में धांधली की साजिश का खुलासा होने के बाद समस्तीपुर पुलिस पूरी तरह अलर्ट मोड में दिख रही है। आज आयोजित होने वाले परीक्षा को शांतिपूर्ण, निष्पक्ष और कदाचारमुक्त वातावरण में संपन्न कराने के लिए मंगलवार की रात जिलेभर में विशेष रोको-टोको अभियान व सर्च ऑपरेशन अभियान चलाया गया। पुलिस टीम ने रातभर शहर के होटल, लॉज, बस स्टैंड, रेलवे स्टेशन और प्रमुख चौक-चौराहों पर सघन जांच अभियान चलाकर संदिग्ध लोगों और वाहनों की तलाशी ली।
एसपी अरविंद प्रताप सिंह के निर्देश पर नगर थाना, मुफस्सिल थाना एवं डीआईयू की संयुक्त टीम ने सदर एसडीपीओ-1 संजय कुमार पांडेय के नेतृत्व में अभियान चलाया। अभियान का मुख्य उद्देश्य परीक्षा में किसी भी प्रकार की धांधली, फर्जी अभ्यर्थियों की इंट्री, इलेक्ट्रॉनिक उपकरणों के इस्तेमाल तथा असामाजिक तत्वों की गतिविधियों पर रोक लगाना था। पुलिस टीम ने स्टेशन रोड, ताजपुर रोड, काशीपुर, सोनवर्षा चौक, कोरबद्दा, बेलारी, जितवारपुर मगरदही घाट समेत विभिन्न इलाकों के कई होटलों, लॉजों व आवासीय परिसर की जांच की।

इस दौरान ठहरे लोगों के पहचान पत्र, होटल रजिस्टर और अन्य दस्तावेजों का सत्यापन किया गया। होटल संचालकों को स्पष्ट निर्देश दिया गया कि बिना वैध पहचान पत्र के किसी भी व्यक्ति को कमरा उपलब्ध नहीं कराया जाए तथा किसी भी संदिग्ध गतिविधि की सूचना तत्काल पुलिस को दी जाए। इसके साथ ही शहर में प्रवेश करने वाले तथा रात में आवागमन कर रहे वाहनों की भी गहन जांच की गई। वाहन चालकों से आवश्यक कागजात मांगे गए और संदिग्ध गतिविधियों पर विशेष नजर रखी गई। पुलिस अधिकारियों ने बताया कि परीक्षा अवधि तक ऐसे अभियान लगातार जारी रहेंगे। इसके अलावे पुलिस की एक टीम हसनपुर थाना क्षेत्र में भी छापेमारी की, हालांकि सूचना के अनुसार वहां से कुछ भी आपत्तिजनक बरामद नहीं हो सका।

पहले ही हो चुका है फर्जीवाड़े का खुलासा :
बता दें कि 14 जून को आयोजित भर्ती परीक्षा से एक दिन पहले ही समस्तीपुर पुलिस ने बेगूसराय पुलिस की सूचना पर बड़ी कार्रवाई करते हुए साॅल्वर गैंग के चार सदस्यों को गिरफ्तार किया था। गिरफ्तार आरोपितों की पहचान बेगूसराय जिले के गढ़पुरा थाना क्षेत्र अंतर्गत कुम्हारसो वार्ड-6 निवासी जीवछ झा के पुत्र अमित कुमार, बिथान थाना क्षेत्र के मलिकाही वार्ड-6 निवासी उमाकांत यादव के पुत्र दीपक कुमार, खानपुर थाना क्षेत्र के मनवारा वार्ड-10 निवासी शिवजी सहनी के पुत्र पंकज कुमार सहनी तथा बेगूसराय के गढ़पुरा थाना क्षेत्र निवासी रामनंदन साह के पुत्र नितिश कुमार के रूप में की गई थी।

छापेमारी के दौरान उनके पास से भारी मात्रा में इलेक्ट्रॉनिक उपकरण, दर्जनों परीक्षार्थियों के एडमिट कार्ड, ब्लैंक चेक, स्टांप पेपर तथा अन्य आपत्तिजनक सामग्री बरामद की गई थी। पुलिस को आशंका थी कि संगठित तरीके से परीक्षा में कदाचार कराने की तैयारी की जा रही थी। इस मामले में पुलिस ने करीब आधा दर्जन परीक्षार्थियों को हिरासत में लेकर पूछताछ भी की थी। हालांकि प्रत्यक्ष साक्ष्य नहीं मिलने के कारण बाद में उन्हें छोड़ दिया गया। बावजूद इसके, इस खुलासे ने प्रशासन की चिंता बढ़ा दी थी और इसी कारण इस बार सुरक्षा व्यवस्था को अभूतपूर्व रूप से कड़ा किया गया है। पुलिस के द्वारा हसनपुर थाना क्षेत्र के रहने वाले धनेश्वर महतो, रौशन कुमार, महाकाल तथा सोनू उर्फ चंदन की तलाश में लगातार छापेमारी जारी है।

15 केंद्रों पर आज परीक्षा, सुरक्षा के विशेष इंतजाम :
जिले के 15 परीक्षा केंद्रों पर आज बुधवार को भर्ती परीक्षा आयोजित की जा रही है। प्रशासन ने सभी केंद्रों के आसपास विशेष निगरानी व्यवस्था की है। पुलिस, दंडाधिकारी और उड़नदस्ता टीमों को तैनात किया गया है ताकि किसी भी तरह की गड़बड़ी या कदाचार की संभावना को पूरी तरह खत्म किया जा सके। सदर एसडीपीओ-1 संजय कुमार पांडेय ने कहा कि परीक्षा की शुचिता बनाए रखना प्रशासन की सर्वोच्च प्राथमिकता है। परीक्षा में गड़बड़ी फैलाने या अनुचित साधनों का उपयोग करने वालों के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी। अभ्यर्थियों को निष्पक्ष, सुरक्षित और पारदर्शी माहौल उपलब्ध कराने के लिए हर आवश्यक कदम उठाए जा रहे हैं।

