खानपुर में जन कल्याण शिविर का डीएम-एसपी ने किया निरीक्षण, लाभुकों से किया संवाद

समस्तीपुर : बिहार सरकार के निर्देश पर आयोजित प्रखंड सहयोग सह जन कल्याण शिविर के तहत मंगलवार को खानपुर प्रखंड सह अंचल परिसर में लगे शिविर का जिलाधिकारी रोशन कुशवाहा एवं पुलिस अधीक्षक अरविंद प्रताप सिंह ने संयुक्त रूप से निरीक्षण किया। इस दौरान दोनों अधिकारियों ने विभिन्न विभागों के स्टॉलों का जायजा लिया और लाभुकों से बातचीत कर योजनाओं की जानकारी प्राप्त की।
निरीक्षण के दौरान डीएम एवं एसपी ने शिविर में पहुंचे लोगों की समस्याएं सुनीं तथा संबंधित विभागीय अधिकारियों को आवश्यक निर्देश दिए। अधिकारियों ने लोगों से सरकार की विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं का अधिकाधिक लाभ उठाने की अपील की।
शिविर में पात्र लाभुकों के बीच जन्म प्रमाण पत्र, आयुष्मान भारत कार्ड, मनरेगा जॉब कार्ड, सामाजिक सुरक्षा योजनाओं से संबंधित प्रमाण पत्र सहित अन्य स्वीकृति पत्रों का वितरण किया गया। एक ही स्थान पर विभिन्न विभागों की सेवाएं मिलने से लाभुकों ने संतोष जताया।

इस अवसर पर डीएम रोशन कुशवाहा ने कहा कि सरकार की मंशा है कि आमजन की समस्याओं का समाधान उनके घर के निकट ही उपलब्ध कराया जाए, ताकि उन्हें सरकारी कार्यालयों के चक्कर नहीं लगाने पड़ें। उन्होंने बताया कि 16 से 18 जून तक जिले के विभिन्न प्रखंडों में ऐसे शिविर आयोजित किए जा रहे हैं, जहां राजस्व, ग्रामीण विकास, पंचायती राज, स्वास्थ्य, शिक्षा, कृषि, श्रम, विद्युत, आपूर्ति, सामाजिक सुरक्षा समेत अन्य विभागों के अधिकारी उपस्थित रहकर लोगों की समस्याओं का समाधान कर रहे हैं।
डीएम ने कहा कि शिविर में प्राप्त अधिकांश आवेदनों का मौके पर ही निष्पादन किया जा रहा है, जबकि शेष मामलों का निर्धारित समय सीमा के भीतर समाधान सुनिश्चित किया जाएगा। उन्होंने अधिकारियों को प्रत्येक आवेदन का गंभीरतापूर्वक निष्पादन करने का निर्देश देते हुए लापरवाही बरतने वालों के खिलाफ कार्रवाई की चेतावनी दी।

वहीं एसपी अरविंद प्रताप सिंह ने लोगों से कानून-व्यवस्था एवं सुरक्षा संबंधी विषयों पर संवाद किया और समाज में शांति एवं सौहार्द बनाए रखने में प्रशासन का सहयोग करने की अपील की। उन्होंने पुलिस अधिकारियों को भी आमजन की शिकायतों पर त्वरित कार्रवाई सुनिश्चित करने का निर्देश दिया। मौके पर स्थानीय जनप्रतिनिधि, सिविल सर्जन डॉ. राजीव कुमार, बीडीओ, सीओ समेत विभिन्न विभागों के जिला एवं प्रखंड स्तरीय अधिकारी, कर्मी तथा बड़ी संख्या में ग्रामीण मौजूद थे।


