समस्तीपुर के 4.08 लाख पेंशनधारियों के खाते में भेजे गए 47.15 करोड़ रुपये, जीवन प्रमाण पत्र नहीं देने वाले 92 हजार पेंशनधारियों की राशि होल्ड

समस्तीपुर : सामाजिक सुरक्षा पेंशन योजना के तहत मंगलवार को मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी द्वारा राज्य के पेंशनधारियों के बैंक खातों में डीबीटी के माध्यम से पेंशन राशि का अंतरण किया गया। जिला मुख्यालय स्थित कलेक्ट्रेट में आयोजित कार्यक्रम का सीधा प्रसारण वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से किया गया। कार्यक्रम के दौरान डीएम रोशन कुशवाहा सहित अन्य वरीय पदाधिकारी मौजूद रहे। जिले में कुल 4 लाख 8 हजार 414 पेंशनधारियों को मई 2026 माह की पेंशन राशि 1100 रुपये प्रति लाभुक की दर से उनके बैंक खातों में भेजी गई।
इसके लिए कुल 47 करोड़ 15 लाख 58 हजार 900 रुपये की राशि डीबीटी के माध्यम से हस्तांतरित की गई। डीएम रोशन कुशवाहा ने बताया कि मुख्यमंत्री वृद्धजन पेंशन योजना के तहत 2 लाख 2 हजार 364 लाभुकों के खाते में 24 करोड़ 15 लाख 10 हजार 300 रुपये भेजे गए। वहीं इंदिरा गांधी राष्ट्रीय वृद्धावस्था पेंशन योजना के 77 हजार 829 लाभुकों को 8 करोड़ 57 लाख 79 हजार 300 रुपये की राशि दी गई। इसके अलावा लक्ष्मीबाई सामाजिक सुरक्षा पेंशन योजना के 37 हजार 891 लाभुकों को 4 करोड़ 30 लाख 52 हजार 700 रुपये, इंदिरा गांधी राष्ट्रीय विधवा पेंशन योजना के 24 हजार 636 लाभुकों को 2 करोड़ 75 लाख 94 हजार 500 रुपये तथा बिहार निःशक्तता पेंशन योजना के 62 हजार 723 लाभुकों को 7 करोड़ 3 लाख 53 हजार 200 रुपये भेजे गए।

वहीं इंदिरा गांधी राष्ट्रीय निःशक्तता पेंशन योजना के लाभुकों को भी निर्धारित राशि उनके खातों में हस्तांतरित की गई। डीएम ने कहा कि पेंशनधारियों को बिना किसी बिचौलिये के सीधे उनके बैंक खातों में राशि भेजी गई है। उन्होंने बताया कि जिन लाभुकों ने जीवन प्रमाणीकरण नहीं कराया है, उनकी राशि फिलहाल होल्ड की गई है। जैसे-जैसे लाभुक अपना जीवन प्रमाण पत्र उपलब्ध कराएंगे, उनके खातों में राशि भेज दी जाएगी।

जीवन प्रमाण पत्र नहीं देने वाले 92 हजार पेंशनधारियों की राशि होल्ड :
जिला सामाजिक सुरक्षा कोषांग की सहायक निदेशक साक्षी ने बताया कि जिले के 92 हजार 367 पेंशनधारियों ने अब तक जीवित होने का प्रमाण पत्र (लाइफ सर्टिफिकेट) जमा नहीं किया है। इस कारण अप्रैल माह से उनके खातों में पेंशन राशि का भुगतान नहीं हो पा रहा है। उन्होंने ऐसे सभी लाभुकों से शीघ्र जीवन प्रमाण पत्र एवं केवाईसी अपडेट कराने की अपील की है। उन्होंने बताया कि सर्वाधिक 9,504 लाभुक विभूतिपुर प्रखंड के हैं, जिन्होंने अभी तक आवश्यक प्रक्रिया पूरी नहीं की है। इसके अलावा हसनपुर के 6,091, उजियारपुर के 6,104, सरायरंजन के 6,289, रोसड़ा के 6,364, कल्याणपुर के 5,627, दलसिंहसराय के 5,003, वारिसनगर के 5,007, शिवाजीनगर के 4,883, सिंघिया के 4,237, खानपुर के 4,314, समस्तीपुर के 4,386, ताजपुर के 4,080, बिथान के 3,994, विद्यापतिनगर के 3,865, पूसा के 3,199, मोहिउद्दीननगर के 2,798, पटोरी के 2,552, मोहनपुर के 2,241 तथा मोरवा के 1,829 लाभुक शामिल हैं।

सहायक निदेशक ने कहा कि जिन लाभुकों का भुगतान रुका हुआ है, वे अपने नजदीकी वसुधा केंद्र या संबंधित कार्यालय में जाकर केवाईसी एवं जीवन प्रमाणीकरण की प्रक्रिया पूरी कर लें, ताकि उनके खाते में लंबित पेंशन राशि का भुगतान किया जा सके। मौके पर डीडीसी एडीएम, जिला जनसम्पर्क पदाधिकारी, समस्तीपुर विशेष कार्य पदाधिकारी, जिला गोपनीय प्रशाखा, जिला प्रोग्राम पदाधिकारी आईसीडीएस, जिला नजारत उप समाहर्त्ता, सहायक निदेशक जिला सामाजिक सुरक्षा कोषांग समेत अन्य उपस्थित रहे।


