समस्तीपुर में बस किराये में बढ़ोतरी, 8 जून से लागू होगा नया भाड़ा

समस्तीपुर : परिवहन विभाग की अधिसूचना संख्या 4209 दिनांक 29 मई 2026 तथा डीजल की कीमतों में हुई वृद्धि के मद्देनजर समस्तीपुर जिले के बस मालिकों की बैठक बुधवार को जिला मोटर व्यवसायी संघ के बैनर तले संघ कार्यालय में आयोजित की गई।
बैठक की अध्यक्षता संघ के जिला अध्यक्ष संजय कुमार सिंह ने की। बैठक में परिवहन विभाग की नई अधिसूचना एवं बढ़ी हुई परिचालन लागत को ध्यान में रखते हुए जिले से संचालित एवं गुजरने वाले विभिन्न मुख्य मार्गों के लिए नया यात्री भाड़ा निर्धारित किया गया।

इसके तहत समस्तीपुर से पटना का किराया 180 रुपये, हाजीपुर 160 रुपये, मुजफ्फरपुर 140 रुपये, बेगूसराय 150 रुपये, मोहिउद्दीननगर 110 रुपये, रोसड़ा 70 रुपये, दलसिंहसराय 70 रुपये, पटोरी 80 रुपये, महुआ 120 रुपये तथा पूसा 50 रुपये तय किया गया है। वहीं रोसड़ा से पटना 280 रुपये, दलसिंहसराय से पटना 200 रुपये, हसनपुर से पटना 320 रुपये तथा ताजपुर से पटना 140 रुपये निर्धारित किया गया है।

अध्यक्ष संजय कुमार सिंह ने बताया कि नया यात्री भाड़ा आगामी 8 जून 2026 से प्रभावी होगा। उन्होंने कहा कि जल्द ही ट्रक मालिकों की बैठक बुलाकर स्थानीय माल भाड़े का भी पुनर्निर्धारण किया जाएगा। बैठक में कार्यकारी अध्यक्ष मनीष अग्रवाल, महासचिव मनोज कुमार सिंह सहित बिंदु राय, अरुण राय, सुनील राय, अशोक राय, रामकृष्ण राय, उमेश राय, रिंकू सिंह, कामेश्वर महतो, विनय कुमार सिंह, कम्मल राय, कुंदन कुमार एवं मोहम्मद शकूर समेत कई सदस्य उपस्थित रहे।


