समस्तीपुर Town

नजर हर खबर पर…

SamastipurNEWS

समस्तीपुर में आसमान से गिरा ‘मेड इन कोरिया’ लिखा डिजिटल लाइट वाला उपकरण, ग्रामीणों में हड़कंप, पहुंची पुलिस

paid hero ad 20250215 123933 1 scaled

समस्तीपुर/विभूतिपुर : समस्तीपुर जिले के विभूतिपुर प्रखंड अंतर्गत बाजिदपुर बम्बैया पंचायत के वार्ड संख्या-4 स्थित बेलसंडी डीह गांव में बीते देर शाम उस समय लोगों के बीच कौतूहल बढ़ गया, जब एक चमकता हुआ अज्ञात उपकरण अचानक जमीन पर आ गिरा। स्थानीय निवासी बंशीधर मिश्र के दरवाजे पर गिरे इस उपकरण से निकल रही डिजिटल लाइट जैसी चमक को देखकर आसपास के लोग हैरान रह गए। देखते ही देखते घटनास्थल पर ग्रामीणों की भीड़ जमा हो गई।

मिली जानकारी के अनुसार, उपकरण पर ‘मेड इन कोरिया’ लिखा हुआ था। इस वजह से लोगों के बीच इसे लेकर तरह-तरह की चर्चाएं शुरू हो गईं। कोई इसे अंतरिक्ष से गिरा उपकरण बता रहा था, तो कोई इसके पीछे किसी तकनीकी गतिविधि की आशंका जता रहा था। हालांकि, शुरुआती दौर में किसी को भी इसकी वास्तविक पहचान की जानकारी नहीं थी। अज्ञात वस्तु मिलने की सूचना स्थानीय पुलिस को दी गई। इसके बाद पुलिस टीम गांव पहुंची और एहतियात के तौर पर उपकरण को अपने कब्जे में लेकर थाने ले गई।

file 0000000024b48211aa752e89fc9a15de

पुलिस की कार्रवाई के बाद मौके पर जुटे लोगों की उत्सुकता कुछ कम हुई। उपकरण को लेकर फैल रही आशंकाओं के बीच पुलिस ने इसके संबंध में जानकारी जुटानी शुरू की। थाने में पदस्थापित दरोगा अरसद इमाम अंसारी के अनुसार, प्रारंभिक जानकारी में यह उपकरण भारतीय मौसम विज्ञान विभाग (IMD) में इस्तेमाल होने वाला रेडियोसोंड प्रतीत होता है। इस तरह के उपकरण को मौसम संबंधी आंकड़े एकत्र करने के लिए विशेष गुब्बारे के साथ वायुमंडल में भेजा जाता है। इसके माध्यम से तापमान, वायुदाब, आर्द्रता और हवा की गति से संबंधित जानकारी प्राप्त की जाती है। संभावना जताई गई कि ऊंचाई पर पहुंचने के बाद गुब्बारा फट गया होगा, जिसके बाद उपकरण नीचे आ गिरा।

IMG 20240904 WA0139

पुलिस के अनुसार, उपकरण में लगी बैटरी को निकालकर सुरक्षित कर दिया गया है। इस घटना की जानकारी संबंधित मौसम विज्ञान विभाग को भी दी गई है, ताकि उपकरण के बारे में आवश्यक जानकारी प्राप्त की जा सके। फिलहाल, गांव में आसमान से उपकरण गिरने की घटना चर्चा का विषय बनी हुई है। शुरुआत में रहस्यमयी नजर आने वाली इस वस्तु को लेकर ग्रामीणों में डर के साथ उत्सुकता भी देखी गई। पुलिस ने लोगों से अफवाहों पर ध्यान नहीं देने और विभागीय जानकारी का इंतजार करने की अपील की है।

FB ADD scaled

IMG 20260516 WA0116

20201015 075150