विश्व साइकिल दिवस पर समस्तीपुर में निकली जागरूकता रैली, युवाओं ने दिया स्वास्थ्य और पर्यावरण संरक्षण का संदेश

समस्तीपुर : विश्व साइकिल दिवस के अवसर पर युवा कार्यक्रम एवं खेल मंत्रालय, भारत सरकार के तहत माय भारत द्वारा बुधवार को सक्सेस मिशन क्लब परिसर से बीएड कॉलेज तक साइकिल रैली का आयोजन किया गया। रैली को माय भारत की उप निदेशक विजेता मजूमदार, जिला गंगा समिति के डीपीओ नीरजेश कुमार तथा सक्सेस मिशन क्लब के संस्थापक सदस्य विकास कुमार ने संयुक्त रूप से हरी झंडी दिखाकर रवाना किया।
रैली के दौरान युवाओं ने हाथों में तख्तियां लेकर पर्यावरण संरक्षण एवं स्वास्थ्य जागरूकता का संदेश दिया। प्रतिभागी “साइकिल चलाओ, पर्यावरण बचाओ”, “साइकिल चलाओ, बीमारी भगाओ” और “साइकिल चलाओ, स्वास्थ्य लाभ पाओ” जैसे नारे लगा रहे थे। इस अवसर पर उप निदेशक विजेता मजूमदार ने युवाओं से नियमित रूप से साइकिल चलाने की अपील करते हुए कहा कि साइकिल चलाना शारीरिक एवं मानसिक स्वास्थ्य के लिए अत्यंत लाभकारी है।

उन्होंने कहा कि साइकिल का अधिक उपयोग प्रदूषण कम करने और स्वस्थ जीवनशैली अपनाने में भी सहायक है। साइकिल रैली में माय भारत के स्वयंसेवक मो. अली, सोनी, सुमित एवं मनोज सहित सक्सेस मिशन क्लब के सैकड़ों युवा-युवतियों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया। कार्यक्रम का उद्देश्य लोगों को स्वास्थ्य, फिटनेस और पर्यावरण संरक्षण के प्रति जागरूक करना था।




