सीएम आवास के पास मिली ब्लैक लेबल शराब की खाली बोतलें, पास में मंत्री-अफसरों के भी बंगले

बिहार के मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी के सरकारी आवास के पास ब्लैक लेबल शराब की खाली बोतलें मिलने से हड़कंप मच गया है। बिहार में साल 2016 से पूर्ण शराबबंदी कानून लागू है। ऐसे में पटना के सबसे वीवीआईपी और हाई सिक्योरिटी जोन माने जाने वाले सीएम आवास के पास शराब की बोतलें मिलने से प्रशासनिक अधिकारियों में हड़कंप मच गया। दूसरी ओर, विपक्ष ने फिर से शराबबंदी पर सवाल उठाना शुरू कर दिया है। बताया जा रहा है कि पटना के अणे मार्ग पर एक पेड़ के नीचे ये बोतलें मिली हैं। इस इलाके में कई मंत्री और अफसरों के भी सरकारी बंगले हैं।
बताया जा रहा है कि ये खाली बोतलें सीएम आवास के पास सड़क किनारे स्थित एक पेड़ के नीचे रखे थैले के अंदर बरामद हुई हैं। बोतलों की संख्या 20-25 है और ये महंगी ब्रांड की शराब ब्लैक लेबल की बोतलें बताई जा रही हैं। उन्हें कागज में लपेटकर थैले में रखा गया था। आशंका जताई जा रही है कि कोई व्यक्ति यहां खाली बोतलें फेंककर चला गया। ये बोतलें कहां से आईं और यहां कौन फेंककर गया, इसकी तलाश पुलिस कर रही है।

पटना की सेंट्रल एसपी दीक्षा ने शुक्रवार को बताया कि हाई सिक्योरिटी जोन से पुलिस ने शराब की कुछ खाली बोतलें बरामद की हैं। पुलिस मामले की जांच में जुटी हैं। इलाके में लगे सीसीटीवी कैमरों के फुटेज खंगाले जा रहे हैं। बता दें कि पिछले दिनों पटना सचिवालय के अंदर रखे एक कचरे के डिब्बे से भी शराब की दो खाली बोतलें बरामद हुई थीं।

रोहिणी आचार्या बोलीं- सीएम आवास तक शराब कारोबारियों की पहुंच…
वहीं, इस मामले पर विपक्ष ने सरकार पर निशाना साधना शुरू कर दिया है। राष्ट्रीय जनता दल (RJD) के सुप्रीमो लालू प्रसाद यादव की बेटी रोहिणी आचार्या ने सीएम सम्राट चौधरी से सवाल किया कि यह कैसी शराबबंदी है, जिसमें शराब की बोतल कभी विधानसभा परिसर तो कभी सचिवालय में मिलती है। अब सबसे सुरक्षित कहे जाने वाले सीएम आवास के पास भी मिली है।

रोहिणी ने सीएम पर सवाल करते हुए कहा, “मुख्यमंत्री आवास के पास तक शराब की बोतलें कैसे पहुंचीं? सीएम आवास के पास बैठ कर शराब कौन पी रहा है? कहीं ऐसा तो नहीं कि अवैध शराब के कारोबारियों की पहुंच मुख्यमंत्री आवास तक है। इससे स्पष्ट है कि बिहार में शराबबंदी महज फाइलों और बयानबाजी तक ही सीमित है। बिहार का कोई भी कोना ऐसा नहीं है, जहां शराब सुलभता से उपलब्ध नहीं है।”

मंत्री बोले- कुछ लोग गड़बड़ कर रहे
सम्राट सरकार में अल्पसंख्यक कल्याण मंत्री जमा खान ने इस मामले पर कहा कि कुछ लोग गड़बड़ कर रहे हैं। उन्होंने विपक्ष पर साजिश के तहत ऐसा कृत्य करने का आरोप लगाया। मंत्री ने कहा कि जांच की जा रही है, दोषियों के खिलाफ कार्रवाई की जाएगी। एनडीए सरकार में कोई भी नहीं बचता है। कार्रवाई की जाती है और आगे भी की जाएगी।

