समस्तीपुर-पूसा मुख्य पथ पर फायरिंग की चर्चा के बाद फैली सनसनी, पहुंची पुलिस
समस्तीपुर : समस्तीपुर जिले के कर्पूरीग्राम थाना क्षेत्र के इमली चौक के समीप शुक्रवार को फायरिंग की चर्चा फैलते ही इलाके में सनसनी फैल गई। सूचना मिलते ही स्थानीय पुलिस तत्काल मौके पर पहुंची और आसपास के क्षेत्र में जांच अभियान शुरू किया। हालांकि जांच के दौरान पुलिस को घटनास्थल से कोई खोखा या अन्य संदिग्ध साक्ष्य नहीं मिला। कर्पूरीग्राम थानाध्यक्ष राज कुमार सिंह ने बताया कि पुलिस को गोली चलने की सूचना प्राप्त हुई थी। सूचना के आधार पर पुलिस टीम मौके पर पहुंची और पूरे इलाके की बारीकी से जांच की गई, लेकिन किसी भी व्यक्ति ने फायरिंग की शिकायत नहीं की। उन्होंने कहा कि शुरुआती जांच में मामला अफवाह जैसा प्रतीत हो रहा है, फिर भी पुलिस सभी बिंदुओं पर जांच कर रही है।
स्थानीय लोगों के बीच यह चर्चा रही कि बाइक पर सवार कुछ युवकों ने दहशत फैलाने के उद्देश्य से फायरिंग की थी। घटना की सूचना के बाद आसपास के दुकानदारों और राहगीरों में कुछ देर के लिए भय का माहौल बन गया। हालांकि पुलिस के पहुंचने के बाद किसी ने भी स्पष्ट रूप से गोली चलने की पुष्टि नहीं की। थानाध्यक्ष ने बताया कि मामले को गंभीरता से लेते हुए आसपास के लोगों से पूछताछ की जा रही है। साथ ही एहतियात के तौर पर इमली चौक पर पुलिस गश्ती बढ़ा दी गई है और गश्ती वाहन को क्षेत्र में लगातार निगरानी रखने का निर्देश दिया गया है।

