बिहार पुलिस में बड़ा फेरबदल, 16 सीनियर IPS अधिकारियों का तबादला, विकास वैभव मगध के नए आईजी बने

बिहार में नई सरकार के गठन और सम्राट चौधरी कैबिनेट का विस्तार होने के बाद पुलिस और प्रशासनिक अधिकारियों का फेरबदल शुरू हो गया है। राज्य सरकार ने रविवार को 16 आईपीएस अधिकारियों का तबादला किया। एडीजी डॉ परेश सक्सेना को डीजी असैनिक सुरक्षा आयुक्त और एडीजी डॉ निर्मल आजाद को डीजी प्रशिक्षण की जिम्मेदारी सौंपी गई है। मगध क्षेत्र (गयाजी) के आईजी क्षत्रनील सिंह का पटना ट्रांसफर कर दिया गया है, वह गृह विभाग में विशेष सचिव लगाए गए हैं। उनकी जगह आईपीएस विकास वैभव को मगध का नया आईजी नियुक्त किया गया है।
इसके साथ ही, एडीजी ट्रैफिक सुधांशु कुमार को एडीजी विधि व्यवस्था की जिम्मेदारी भी मिली है। उनके पास ट्रैफिक का अतिरिक्त प्रभार रहेगा। डॉ अमित कुमार जैन को एडीजी ईओयू (आर्थिक अपराध इकाई) बनाया गया है। ईओयू के एडीजी नैयर हसनैन खान को एडीजी बी-सैप लगा दिया गया है।

आईपीएस डॉ कमल किशोर सिंह को एडीजी रेलवे नियुक्त किया गया है, पहले उनके पास इसका अतिरिक्त प्रभार था। अजिताभ कुमार को एडीजी एससीआरबी एवं आधुनिकीकरण, संजय सिंह को एडीजी बजट अपील एवं कल्याण के साथ एडीजी सुरक्षा पद पर तैनात किया गया है।

आईपीएस अमित लोढ़ा को एडीजी तकनीकी सेवाएं एवं संचार नियुक्त किया गया है। वहीं, अमृत राज को एडीजी साइबर अपराध एवं सुरक्षा इकाई लगाया गया है। गृह विभाग की विशेष सचिव केएस अनुपम का ट्रांसफर कर एडीजी सीआईडी कमजोर वर्ग बना दिया गया है। पी कन्नन को आईजी प्रोविजनिंग, रंजीत कुमार मिश्रा को आईजी सीआईडी और संजय कुमार को आईजी विशेष शाखा की नई जिम्मेदारी दी गई है।

बेतिया एसडीपीओ का भी तबादला
गृह विभाग ने आईपीएस के साथ बिहार पुलिस सेवा (BPS) के एक पदाधिकारी का भी तबादला किया है। बेतिया सदर के एसडीपीओ-वन विवेक दीप का ट्रांसफर कर उन्हें विशेष सुरक्षा दल के डीएसपी की जिम्मेदारी मिली है।


