अफसर-मंत्री का बेटा खुद सरकारी स्कूल में पढ़ने जाए, ऐसी व्यवस्था करेंगे; सम्राट चौधरी का बड़ा वादा

बिहार के मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने आज बिहार विधानसभा में एक बहुत बड़ा वादा राज्य की जनता से किया है। उन्होंने बहुमत साबित करने के लिए बुलाए गए बिहार विधानसभा के विशेष सत्र के दौरान कहा है कि वह बिहार में ऐसी व्यवस्था बनाएंगे, जिसमें अफसर हो या मंत्री, हर किसी का बेटा सरकारी स्कूल में जाएगा।
आपको बता दें कि आज बिहार विधानसभा में सम्राट चौधरी का विश्वास मत प्रस्ताव ध्वनि मत से पास हो गया है। तेजस्वी यादव के नेतृत्व वाले विपक्ष ने मत विभाजन यानी वोटिंग की मांग नहीं रखी। उनके पास संख्या बल नहीं था।

इस दौरान मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने बिहार के लोगों को भरोसा दिलाया है कि उनकी सरकार में थाना, ब्लॉक और अंचल पर सीधे मुख्यमंत्री कार्यालय सीएमओ से नजर रखी जाएगी। इस दौरान उन्होंने यह भी कहा कि बिहार को पिछले एक साल में 1.36 लाख करोड़ रुपये का निजी निवेश हासिल हुआ।

सम्राट चौधरी ने कहा कि नीतीश कुमार ने ट्रिपल सी पर कोई समझौता नहीं और उनकी सरकार में भी क्राइम, करप्शन और कम्युनलिज्म पर कोई समझौता नहीं होगा। तेजस्वी यादव द्वारा खुद को लालू यादव की पाठशाला का बताने पर भड़क गए। उन्होंने कहा कि सत्ता किसी की बपौती नहीं है। जनता के आशीर्वाद से यहां पहुंचे हैं।

इससे पहले विश्वास मत प्रस्ताव पर चर्चा में भाग लेते हुए उपमुख्यमंत्री विजय कुमार चौधरी ने नेता प्रतिपक्ष तेजस्वी यादव पर निशाना साधते हुए कहा कि विपक्ष को सबसे अधिक परेशानी इस बात से है कि राष्ट्रीय जनतांत्रिक गठबंधन ( राजग) सरकार लगातार बन रही है, जबकि उनकी सरकार नहीं बन पा रही है। उन्होंने कहा, ”अब तो सत्ता राजग के दूसरी पीढ़ी के नेताओं के हाथ में आ गई है।”

उन्होंने कहा कि जनता का भरोसा जीतना ही राजनीति का सबसे बड़ा आधार होता है। चौधरी ने कहा ”सत्ता के शीर्ष पद पर पहुंचने के बाद उसे अगली पीढ़ी को सौंपना आसान नहीं होता और बिहार ने ऐसा उदाहरण देखा है, जहां नेतृत्व ने स्वयं आगे बढ़कर नई पीढ़ी को अवसर दिया। यह काम नीतीश कुमार ने किया है।”

