शहर के पंजाबी काॅलोनी में चोरों ने बैंक मैनेजर के बंद घर को बनाया निशाना, 30 लाख से अधिक के जेवरात व नगद की चोरी
समस्तीपुर : नगर थाना क्षेत्र के पंजाबी कॉलोनी गली नंबर-1 में चोरों ने एक बंद घर को निशाना बनाते हुए लाखों की चोरी की घटना को अंजाम दिया। बदमाशों ने घर का ताला तोड़कर करीब 25 से 30 लाख रुपये के जेवरात सहित नगद राशि पर हाथ साफ कर दिया। मिली जानकारी के अनुसार, घर के मालिक केनरा बैंक के मैनेजर विमल झा मुजफ्फरपुर में कार्यरत हैं। उनके पिता पवन झा ने बताया कि वे 17 अप्रैल को अपने पुत्र के पास मुजफ्फरपुर गए थे, जिसके कारण घर बंद था। गुरुवार को जब वे वापस समस्तीपुर लौटे तो देखा कि मुख्य गेट का ताला टूटा हुआ है।
घर के अंदर प्रवेश करने पर ऊपरी मंजिल स्थित दोनों बेटों के बेडरूम के ताले भी टूटे मिले। कमरों के अंदर सामान बिखरा पड़ा था और अलमारी को तोड़कर उसमें रखे दोनों बहुओं के करीब 25 से 30 लाख रुपये के जेवरात गायब थे। इसके अलावा घर में रखी नकदी भी चोरी कर ली गई। घटना देखकर परिजन स्तब्ध रह गए और तत्काल नगर थाना पुलिस को सूचना दी गई। मौके पर पहुंची पुलिस ने जांच शुरू कर दी है। इस संबंध में नगर थानाध्यक्ष अजीत कुमार ने बताया कि परिवार के लोग 17 अप्रैल से घर बंद कर बाहर गए हुए थे। लौटने पर चोरी की जानकारी मिली है। पीड़ित पवन कुमार झा के आवेदन पर प्राथमिकी दर्ज कर मामले की जांच की जा रही है।

