समस्तीपुर में आमस-दरभंगा सिक्स लेन पुल निर्माण के दौरान मजदूर घायल, सिर पर शटर गिरने से गंभीर स्थिति में रेफर

समस्तीपुर : समस्तीपुर जिले के कल्याणपुर थाना क्षेत्र अंतर्गत वासुदेवपुर में आमस-दरभंगा सिक्स लेन पुल निर्माण के दौरान एक मजदूर गंभीर रूप से घायल हो गया। पुल पर काम करते समय उसके सिर पर लोहे का शटर गिर गया, जिससे उसके सिर का पिछला हिस्सा फट गया। सहकर्मियों ने उसे तुरंत सदर अस्पताल में भर्ती कराया।
घायल मजदूर की पहचान खगड़िया के बलिया गांव निवासी मोहम्मद मुस्लिम के 40 वर्षीय पुत्र मोहम्मद तमीज के रूप में हुई है। मोहम्मद तमीज के भाई इजहार ने बताया कि वे और उनके भाई पिछले छह महीने से वासुदेवपुर पुल पर काम कर रहे थे। पुल पर डालने के लिए एक लोहे का शटर बनाया जा रहा था, जो ऊपर से गिरकर मोहम्मद तमीज के सिर के पिछले हिस्से पर लगा।

लहूलुहान हालत में मोहम्मद तमीज को सदर अस्पताल के आपातकालीन वार्ड में भर्ती कराया गया। ड्यूटी पर तैनात डॉक्टर नीरज कुमार ने मजदूर की गंभीर हालत को देखते हुए प्राथमिक उपचार के बाद उसे बेहतर इलाज के लिए हायर सेंटर रेफर कर दिया। घायल मजदूर के भाई मोहम्मद इजहार और सहकर्मी उसे एंबुलेंस से दरभंगा डीएमसीएच ले गए हैं। घटना की सूचना घायल मजदूर के परिजनों को दे दी गई है। मोहम्मद तमीज के छह बच्चे हैं, जिनमें दो लड़के और चार लड़कियां शामिल हैं। एक लड़के और एक लड़की की शादी हो चुकी है।





