समस्तीपुर के शहीद सीताराम यादव के पुत्र की शिक्षा का जिम्मा उठाएंगे होली मिशन स्कूल के मैनेजिंग डायरेक्टर डॉ. धर्मांश रंजन
समस्तीपुर : दरभंगा स्नातक निर्वाचन क्षेत्र के उम्मीदवार एवं होली मिशन ग्रुप ऑफ इंस्टीट्यूशंस के मैनेजिंग डायरेक्टर डॉ. धर्मांश रंजन (अंकुर) ने शहीद सीताराम यादव के आवास पहुंचकर उन्हें श्रद्धांजलि अर्पित की। इस दौरान उन्होंने शहीद के परिजनों से मुलाकात कर उनका हालचाल जाना और हरसंभव सहयोग का भरोसा दिया। डॉ. रंजन ने कहा कि देश के वीर सपूतों के बलिदान की बदौलत ही आज हम सुरक्षित जीवन जी रहे हैं। ऐसे में शहीद परिवारों का सम्मान और सहयोग करना समाज का नैतिक दायित्व है। इस अवसर पर उन्होंने एक सराहनीय घोषणा करते हुए शहीद सीताराम के पुत्र की पूरी शिक्षा का खर्च उठाने का संकल्प लिया।

उन्होंने बताया कि शहीद का बेटा, जो वर्तमान में होली मिशन हाई स्कूल, मोहनपुर शाखा में कक्षा 7 का छात्र है, उसकी आगे की पढ़ाई संस्थान द्वारा निःशुल्क कराई जाएगी। डॉ. धर्मांश रंजन के इस निर्णय की स्थानीय लोगों ने काफी सराहना की और इसे एक मानवीय एवं प्रेरणादायक पहल बताया। लोगों का कहना है कि इस तरह की पहल से समाज में सकारात्मक संदेश जाता है और शहीद परिवारों को सम्मान मिलता है। इस मौके पर मौजूद लोगों ने भी शहीद सीताराम यादव के बलिदान को नमन करते हुए उनके परिवार के प्रति अपनी संवेदना व्यक्त की।

