समस्तीपुर में बुलेट लेकर निकला युवक रातभर नहीं लौटा, हत्या की आशंका में सड़क पर उतरे लोग

समस्तीपुर : घर से यह कहकर निकला था कि कुछ ही देर में लौट आएगा, लेकिन रात बीत गई और उसका कोई पता नहीं चला। मोबाइल भी बंद मिला और बुलेट बाइक का भी सुराग नहीं मिला।युवक के अचानक लापता होने से स्वजन की चिंता बढ़ गई। अनहोनी की आशंका में बुधवार सुबह ग्रामीणों का आक्रोश फूट पड़ा। आक्रोशित लोगों ने सड़क पर आगजनी कर यातायात बाधित कर दिया और युवक की बरामदगी की मांग करने लगे।
बकाया रुपये लाने की बात कहकर निकला था
मामला विभूतिपुर थाना क्षेत्र के कल्याणपुर दक्षिण बनघारा टोला के वार्ड संख्या 11 का है। यहां के किसान जितेंद्र प्रसाद सिंह के 28 वर्षीय पुत्र रोहन मंगलवार की शाम अपनी बुलेट बाइक से घर से निकले थे। उन्होंने स्वजन को बताया था कि बकाया रुपये लाने जा रहे हैं और कुछ ही देर में वापस लौट आएंगे। इसके बाद वह घर नहीं पहुंचे।

मोबाइल बंद मिला, बाइक का भी पता नहीं
देर रात तक रोहन के नहीं लौटने पर स्वजन ने उनके मोबाइल पर फोन करना शुरू किया। हालांकि, मोबाइल स्वीच आफ मिला। उनकी बुलेट बाइक का भी कोई पता नहीं चला। इससे परिवार के लोगों को किसी अनहोनी की आशंका सताने लगी। स्वजन ने मंगलवार शाम ही विभूतिपुर थाने में आवेदन देकर युवक के लापता होने की सूचना दी थी।
धनिक चौक पर सड़क जाम, आगजनी
बुधवार सुबह तक रोहन का कोई सुराग नहीं मिलने पर स्वजन और ग्रामीणों का धैर्य जवाब दे गया। आक्रोशित लोगों ने दलसिंहसराय-सिंघिया पथ पर धनिक चौक के समीप सड़क जाम कर दिया। सड़क पर आगजनी कर आवागमन बाधित कर दिया। सुबह आठ बजे से जारी जाम के कारण राहगीरों को परेशानी का सामना करना पड़ा। सूचना पर पुलिस मौके पर पहुंची। ग्रामीण युवक की जल्द बरामदगी की मांग कर रहे हैं। फिलहाल युवक के लापता होने के पीछे की वजह स्पष्ट नहीं हो सकी है।




