समस्तीपुर नगर निगम के आठ वार्ड पार्षदों को नगर आयुक्त ने किया नोटिस
समस्तीपुर : नगर निगम बनने के बाद से अब तक अपनी संपत्ति कर का भुगतान नहीं करने वाले कुल आठ वार्ड पार्षदों को नगर आयुक्त गौतम कुमार ने नोटिस जारी किया है। ये वार्ड पार्षद वार्ड 1, 2, 7, 10, 16, 17, 31 और 39 हैं। जारी नोटिस में नगर आयुक्त ने इन वार्ड पार्षदों से कहा है कि आप अपने वार्ड में संपत्ति निर्माण कर निजी उपयोग कर रहे हैं, जिसका आज तक स्वकर निर्धारण प्रणाली प्रपत्र से अपने संपत्ति कर का भुगतान नगर निगम को नहीं कर रहे हैं।
यह बिहार नगरपालिका अधिनियम 2007 एवं बिहार संपत्ति कर (निर्धारण, संग्रहण और वसूली) नियमावली 2013 के प्रावधान के विरूद्ध है। अतः नोटिस पाते ही आप तीन दिनों के अंदर नगर निगम कार्यालय कार्य अवधि में समस्तीपुर नगर निगम से संबंधित वार्ड प्रभारी कर संग्राहक एवं एसएसपीएल. टीसी से संपर्क स्थापित कर अपने संपत्ति का प्रपत्र भर कर संपत्ति कर का भुगतान कर दें। अन्यथा, उपलब्ध नियमों के तहत आपकी संपत्ति की मापी कर संपत्ति कर का निर्धारण कर दिया जाएगा। इसकी जबावदेही आपकी होगी।


