समस्तीपुर: 15-20 किलोमीटर तक ट्रक का पीछा किया, फिर रास्ता रोककर चालक से की लूटपाट

समस्तीपुर : मुसरीघरारी थाना क्षेत्र के रूपौली बुजुर्ग पंचायत के एक होटल के निकट शनिवार रात एनएच -28 पर चार बदमाशों ने लहसुन लदे ट्रक चालक को रोककर मारपीट करते हुए लूटपाट की। पिकअप सवार चार बदमाशों ने टना को अंजाम दिया है। चालक ने बताया की दलसिंहसराय से पहले से ही फुलगोवी लदी महिंद्रा पिकअप पर सवार चार बदमाश ट्रक का पीछा करते रहे। 15-20 किमी तक पीछा करने के बाद मुसरीघरारी थाना क्षेत्र के छोटे होटल के निकट ट्रक को रोककर चालक से मारपीट करते हुए लूटपाट की।
बदमाशों ने चालक से करीब 22 हजार की कीमती मोबाइल, सात हजार रुपये नकद, पर्स, एटीएम कार्ड आदि लूट लिए। ट्रक राजस्थान के भीलवाड़ा से लहसुन ले समस्तीपुर मंडी जा रहा था। इसी दौरान फुलगोवी लदी महिंद्रा पिकअप पर सवार चार लोग लगातार ट्रक का पीछा कर रहे थे। छोटे होटल के समीप बदमाशों ने अचानक पिकअप को ट्रक के आगे खड़ा कर रास्ता रोकने का प्रयास किया। इसके बाद पिकअप से उतरकर चारों बदमाश ट्रक के केबिन में घुस गए और चालक के साथ लूटपाट करने लगे। इसके बाद ट्रक की चाबी निकालने का भी प्रयास किया, लेकिन चाबी गाड़ी में ही फंस गई।

इसी बीच चालक ने शोर मचाना शुरू कर दिया। चालक की आवाज सुनकर बदमाश मौके से फरार हो गए। घटना के बाद ट्रक एनएच-28 पर ही खड़ा रहा। हैरानी की बात यह है कि घटना के घंटों तक लूटा गया ट्रक सड़क पर ही खड़ा रहा। इससे मुख्य सड़क पर जाम जैसी स्थिति बन गयी। सड़क पर ट्रक खड़ा रहने से राहगीरों और अन्य वाहन चालकों को काफी परेशानियों का सामना करना पड़ा। घटना को लेकर मुसरीघरारी थानाध्यक्ष राकेश कुमार सिंह से संपर्क किया गया तो उन्होंने शुरुआत में घटना की जानकारी नहीं होने की बात कही। बाद में घटना की जानकारी दिए जाने पर उन्होंने कहा कि जानकारी मिली थी एक ट्रक सड़क पर लगा हुआ है हमने पुलिस को भेजा था ट्रक को साइड करवाया गया है। इस तरह की घटना का कोई आवेदन प्राप्त नहीं हुआ है।




