जीविका के नशामुक्ति अभियान में 703 लोगों ने ली शपथ; दलसिंहसराय, विभूतिपुर और बिथान में जागरूकता कार्यक्रम आयोजित

समस्तीपुर : जीविका के तत्वावधान में रविवार को दलसिंहसराय, विभूतिपुर और बिथान प्रखंडों में नशामुक्ति अभियान के तहत जागरूकता कार्यक्रम एवं शपथ ग्रहण समारोह आयोजित किया गया। इस दौरान तीनों प्रखंडों में कुल 703 लोगों ने नशे से दूर रहने और नशामुक्त समाज के निर्माण का संकल्प लिया। कार्यक्रम में प्रजापिता ब्रह्माकुमारी ईश्वरीय विश्वविद्यालय के प्रतिनिधियों ने लोगों को नशे के शारीरिक, मानसिक, सामाजिक एवं आर्थिक दुष्परिणामों की जानकारी दी।
साथ ही नशे के कारण परिवार और समाज पर पड़ने वाले नकारात्मक प्रभावों से अवगत कराते हुए लोगों को स्वयं नशे से दूर रहने और दूसरों को भी जागरूक करने की शपथ दिलाई गई। विभूतिपुर प्रखंड के सभी 6 संकुल स्तरीय संघों में आयोजित कार्यक्रम में 459 लोगों ने भाग लिया। वहीं बिथान के तीन संकुल संघों में 181 लोगों ने नशामुक्ति का संकल्प लिया। दलसिंहसराय में आयोजित कार्यक्रम में 63 प्रतिभागियों ने हिस्सा लिया।

इस अवसर पर जीविका के जिला एवं प्रखंड स्तरीय पदाधिकारी, क्षेत्रीय समन्वयक, संकुल स्तरीय संघों की प्रतिनिधि, सामुदायिक कैडर और ब्रह्माकुमारी ईश्वरीय विश्वविद्यालय के प्रतिनिधि उपस्थित रहे। कार्यक्रम का उद्देश्य ग्रामीण समुदाय, विशेषकर महिलाओं को नशे के दुष्परिणामों के प्रति जागरूक करना तथा सामूहिक भागीदारी से स्वस्थ, सुरक्षित और नशामुक्त समाज का निर्माण करना था।




