शुक्रवार, अक्टूबर 9, 2026
Latest:

समस्तीपुर Town

नजर हर खबर पर…

SamastipurNEWS

समस्तीपुर में सांप काटने के बाद पीड़ित युवक को जगाने बैठे थे, लेकिन देर रात अनियंत्रित बोलेरो ने उन्हीं दो भाइयों को हमेशा के लिए सुला दिया

समस्तीपुर/मोहनपुर : समस्तीपुर जिले के मोहनपुर थाना क्षेत्र के मोहनपुर गांव में गुरुवार की रात एक दर्दनाक सड़क हादसे में दो लोगों की मौत हो गई, जबकि एक अन्य घायल हो गया। यह हादसा तब हुआ जब ग्रामीण एक सर्पदंश (सांप के काटने) से पीड़ित युवक को नींद से बचाने के लिए सड़क किनारे पहरा दे रहे थे। मृतक नरेश ठाकुर के 32 वर्षीय पुत्र विकास ठाकुर और खोभारी ठाकुर के 40 वर्षीय पुत्र पप्पू ठाकुर (चचेरे भाई) है।

बता दें कि मनीष ठाकुर सर्पदंश का शिकार हो गया था। चिकित्सकों की सलाह के अनुसार सर्पदंश के शिकार व्यक्ति को तुरंत सोने नहीं दिया जाता, ताकि जहर का असर न फैले। इसी एहतियात के तौर पर परिवार और मोहल्ले के लोग मनीष को जगाए रखने के लिए एनएच 122बी सड़क के किनारे घर के बाहर बैठे हुए थे।

इसी दौरान, अंधेरे में तेज गति से आ रही एक अनियंत्रित बोलेरो ने वहां बैठे लोगों को अपनी चपेट में ले लिया। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि विकास ठाकुर और पप्पू ठाकुर की घटनास्थल पर ही दर्दनाक मौत हो गई, जबकि सर्पदंश से पीड़ित मनीष का हाथ टूट गया। घटना के बाद वाहन चालक तेजी से गाड़ी भगाने में सफल रहा। एक तरफ जहां परिवार मनीष की जान बचाने को लेकर चिंतित था, वहीं इस अप्रत्याशित सड़क हादसे ने दो घरों के चिराग बुझा दिए। दोनों मृतक अपने पीछे छोटे-छोटे तीन-तीन बच्चे और रोते-बिलखते परिजनों को छोड़ गए हैं। घटना के बाद से पूरे गांव में कोहराम मचा हुआ है और परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है।

ProductMarketingAdMaker 14102019 082310

20201015 075150