समस्तीपुर में बैंक मैनेजर को साइबर फ्रॉड ने ग्राहक बनकर 14.94 लाख का लगाया चूना, वाट्सएप पर फर्जी वाउचर भेजकर दो खातों में कराई रकम ट्रांसफर

समस्तीपुर : साइबर फ्रॉडो ने ग्राहक की पहचान का दुरुपयोग कर मुसरीघरारी थाना क्षेत्र के हरपुर एलौथ स्थित बैंक ऑफ इंडिया (Bank of Imdia) के शाखा प्रबंधक (Branch Manager) से करीब 15 लाख रुपये की ठगी कर ली। मामले का खुलासा वास्तविक ग्राहक के फोन करने के बाद हुआ। इसके बाद शाखा प्रबंधक अनिल सिन्हा ने साइबर थाने में शिकायत दर्ज कराई है। बताया गया है कि साइबर फ्रॉड ने शाखा प्रबंधक को फोन कर खुद को बैंक का वास्तविक ग्राहक बताया। इसके बाद वाट्सएप के माध्यम से दो ट्रांजेक्शन वाउचर भेजे गए।
वाउचर पर दर्ज हस्ताक्षर का मिलान करने के बाद प्रबंधक ने दोनों रकम संबंधित खातों में ट्रांसफर कर दी। फ्रॉड ने मेसर्स रामकृष्ण मोटर्स प्राइवेट लिमिटेड के विकास अरोड़ा की पहचान का इस्तेमाल किया था। वाट्सएप प्रोफाइल पर भी उनकी तस्वीर लगी थी। एक वाउचर के जरिए 4.95 लाख रुपये बैंक ऑफ बड़ौदा और दूसरे के माध्यम से 9.99 लाख रुपये फेडरल बैंक के खाते में भेजे गए।

रकम ट्रांसफर होने के बाद वास्तविक ग्राहक के मोबाइल पर इसका मैसेज पहुंचा। उसने तत्काल शाखा प्रबंधक से संपर्क कर किसी भी तरह का भुगतान नहीं करने की बात कही। इसके बाद प्रबंधक ने कथित ग्राहक से संपर्क करने का प्रयास किया, लेकिन मोबाइल बंद मिला। तब तक दोनों खातों में रकम पहुंच चुकी थी। इस संबंध में साइबर डीएसपी दुर्गेश दीपक ने बताया कि मामले में प्राथमिकी दर्ज कर जांच की जा रही है।




